विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नशे से दूरी देश के लिए सच्ची शहादत...' चंडीगढ़ में Gen Z को संदेश, PU में जुटे हजारों युवा

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:17 PM (IST)

चंडीगढ़ में 'जेन-जी अगेंस्ट ड्रग्स' कार्यक्रम के दूसरे चरण में हजारों युवा जुटे, जहां इंद्रेश उपाध्याय और बी प्राक ने ...और पढ़ें

पंजाब यूनिवर्सिटी के सेक्टर-25 स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे हजारों स्टूडेंट्स।

पंजाब यूनिवर्सिटी के सेक्टर-25 स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे हजारों स्टूडेंट्स।

HighLights

  1. पीयू में 'जेन-जी अगेंस्ट ड्रग्स' के दूसरे चरण में हजारों युवा जुटे।

  2. इंद्रेश उपाध्याय ने नशे से दूरी को सच्ची शहादत बताया।

  3. बी प्राक ने देशभक्ति गीतों से युवाओं में जोश भरा।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नशा सिर्फ एक व्यक्ति की जिंदगी बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और देश को नुकसान पहुंचाता है। देश का सबसे बड़ा हथियार युवा हैं और उन्हें नशे से बचाना जरूरी है। अगर हर व्यक्ति पांच लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करे तो इस मुहिम को सफल बनाया जा सकता है।

नशे से दूरी की ओर बढ़े युवा, यही देश के लिए सच्ची शहादत है। यह बात अंतरराष्ट्रीय युवा आइकन और धार्मिक वक्ता इंद्रेश उपाध्याय ने शनिवार को पंजाब यूनिवर्सिटी के सेक्टर-25 स्थित कन्वेंशन सेंटर में दिया।

यहां ‘जेन-जी अगेंस्ट ड्रग्स (फेज-2)’ कार्यक्रम में करीब तीन हजार लोग जुटे। ‘संस्कृति से जुड़ें’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के साथ नशे के खिलाफ जागरूक किया गया।

इंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि पंजाब की पहचान पहले वीरों और गायकों से होती थी, लेकिन नशे की समस्या के कारण इसकी छवि बदलने की चिंता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शराब, धूम्रपान और गुटखा जैसी आदतों से दूर रहना जरूरी है। जो लोग नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं या इसे छोड़ चुके हैं, उन्हें भी सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

बी प्राक ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां

कार्यक्रम में बालीवुड गायक बी प्राक ने अपनी प्रस्तुति से युवाओं को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने ‘तेरी मिट्टी’ सहित देशभक्ति गीतों के माध्यम से मातृभूमि के प्रति सम्मान और देश के साथ खड़े रहने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भारत में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। युवाओं को देश का साथ देना चाहिए और देश के खिलाफ काम करने वालों का समर्थन नहीं करना चाहिए।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम में अलग-अलग कालेजों के विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य, नाटी, संगीत, रासलीला और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नशे से युवाओं को दूर रखने और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जरूरतमंद बच्चों को क्रिकेट, फुटबाॅल और बैडमिंटन की किट वितरित की गईं।

समाज में सकारात्मक बदलाव और नशामुक्ति के लिए काम कर रहे 15 जेन-जी युवाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के संयोजक संजीव राणा ने कहा कि लक्ष्य केवल नशामुक्त भारत बनाना नहीं, बल्कि देशभक्त और जिम्मेदार युवा तैयार करना भी है।

कार्यक्रम में पंजाब यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. मीनाक्षी गोयल, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अमित चौहान और प्रो. नमिता गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और स्वस्थ, जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की।