प्यार ने गैंगस्टर सेखों को फिर पहुंचाया सलाखों के पीछे
नाभा जेल से भागा गैंगस्टर गुरप्रीत सेखों प्यार के चक्कर में दाेबारा सलाखों के पीछे पहुंच गया। वह अपनी दो पत्नियों के साथ चीन भागने के इंतजाम के लिए पंजाब आया था और पकड़ा गया।
चंडीगढ़, [मनोज त्रिपाठी]! हाई सिक्योरिटी नाभा जेल ब्रेक के मास्टर माइंड गुरप्रीत सिंह सेखों तक पहुंचने के लिए उसकी दो पत्नियां पुलिस का सहारा बनीं। जेल ब्रेक के पूरे ढाई महीने बाद गिरफ्तार किए गए सेखों को उसके प्यार ने पुलिस तक पहुंचाने में काफी मदद की।
जेल ब्रेक के बाद जब पुलिस के हाथ कोई खास सुराग नहीं लग रहा था, तो पुलिस ने सभी फरार गैंगस्टरों के करीबियों की जानकारियां खंगाली। इसी खोजबीन में पुलिस को इस बात की जानकारी मिली कि सेखों ने दो शादियां की हैं और दोनों पत्नियां एक साथ रहती हैं। इसके बाद से पुलिस ने उन पर निगरानी रखनी शुरू कर दी और पंजाब लौटते ही सेखों पुलिस के हाथ चढ़ गया।
दो शादियां की थी गैंगस्टर ने, दोनों पत्नियां रहती थीं एक साथ
गिरफ्तारी के चार दिन पहले पंजाब आने के बाद सेखों हांगकांग का वीजा लगवाने के लिए संबंधित कागजात तैयार करवाने में जुटा था। पंजाब पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं से अपनी पड़ताल जारी रखी थी। पुलिस को सूचना थी कि चुनाव के बाद फरार गैंगेस्टर पंजाब आने की फिराक में हैं।
यह भी पढ़ें: शादी से एक सप्ताह पहले मां बेटे के कमरे में गई तो पैरों तले खिसक गई जमीन
खास तौर पर इस बाबत जब पुलिस ने सेखों के करीबियों की मोबाइल कॉल्स पर निगरानी रखी, तो पुख्ता सुराग मिल गया कि सेखों कब आ रहा है और कहां पर किसके संरक्षण में वह रुकनेवाला है। सेखों के एक करीबी से पुलिस को जानकारी मिली थी कि सेखों अपनी पत्नियों व बेटियों से ज्यादा दिन दूर नहीं रह सकता है, इसलिए उसकी कोशिश है कि किसी भी प्रकार से वह उन्हें साथ लेकर विदेश भाग जाए। सेखों के पिता पहले से ही कनाडा में हैं।
यह भी पढ़ें: हांगकांग से जुड़े नाभा जेल ब्रेक के तार, वहां रह रहे गैंगस्टर ने रची पूरी साजिश
पुलिस ने सेखों की दोनों पत्नियों पर भी नजर रखी। चूंकि उसकी पत्नियां सेखों के गैंग व उसके कारोबार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं रखती थीं, इसलिए पुलिस को उन पर केवल नजर रखी थी। पंजाब लौटने से पहले व लौटने के बाद जैसे ही सेखों ने पत्नी से बात की और उन्हें यह बताया कि वे सारी तैयारियां कर लें। वहीं से पुलिस के कान खड़े हो गए कि वह विदेश भागने के जुगाड़ में लगा है।
चीन भागने की फिराक में था
पंजाब आने से पहले उसके परिवार ने विदेश जाने व वीजा लेने संबंधी सारे कागजात तैयार करवाने शुरू कर दिए थे। इस काम में उनकी मदद एक करीबी दोस्त ने की थी। पुलिस ने ट्रेवल एजेंट से लेकर संबंधित कागजात बनवाने तक की सारी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने के बाद यह पता लगा लिया था कि वह चीन जाने की कवायद में है।
चूंकि, चीन के वीजा नियमों में बदलाव हो गया था इसलिए सेखों को अपने कागजात बनवाने के लिए पंजाब आना ही पड़ा। अन्यथा वह महाराष्ट्र से ही चीन निकलने की जुगाड़ में था। परिवार के कागजात तैयार होने के बाद सेखों ने पत्नी से सारी जानकारी ली और जल्द ही एक साथ होने का वायदा भी किया। इसके बाद यहां आते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
राजस्थान में दो गैंगेस्टरों ने की थी मदद
पुलिस को इस बात की भी पुख्ता जानकारी मिली है कि नाभा जेल से फरार होने के बाद सेखों की मदद संभवत: राजस्थान के बाहुबली आनंदपाल व राजू सेठ गैंग ने की थी। उनके साथ सेखों गैंग की पुरानी यारी थी। इसी कारण सेखों ने फरारी के बाद साथियों के साथ राजस्थान में शरण ली। वैसे अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सेखों साथियों के साथ आनंदपाल या राजू में से किसके संरक्षण में रुका था। इसके अलावा हरियाणा के भी एक गैंगेस्टर ने सेखों व उसके साथियों की जेल से फरारी के बाद मदद की थी। इसकी पड़ताल में भी पुलिस ने दिन रात एक कर रखी है।
पंजाब की क्राइम से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें