पूर्व जज रंजीत सिंह ने सुखबीर व मजीठिया पर दर्ज कराया केस, लगाया गलत बयानी का आरोप
पंजाब में हुए बरगाड़ी बेअदबी और गोलीकांड की जांच करने वाले पूर्व जज रंजीत सिंह ने शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल आैर बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ पुलिस मेें आपराधिक शिकायत दी है।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब के पूर्व जज रंजीत सिंह ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) सुखबीर सिंह बादल और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ पुलिस में आपराधिक शिकायत दी है। पूर्व जज रंजीत सिंह ने पंजाब के बरगाड़ी बेअदबी कांड अौर फायरिंग मामले की जांच की थी। उन्होंने सुखबीर और मजीठिया पर गलत बयान देने और रंजीत सिंह अायोग के खिलाफ गलत व अपमानजनक शब्दों का उपयोग करने का आरोप लगाया है।
पूर्व जज रंजीत सिंह ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका देकर शिकायत की है। याचिका में उन्होंने कहा है कि सुखबीर बादल और मजीठिया दोनों ने उनके खिलाफ अपमानजनक बयान दिए और साथ ही उनकी (रंजीत सिंह) की अगुवाई वाले आयोग को बदनाम करने की कोशिश की।
याचिका में कहा गया है कि इन दोनों का कृत्य अपराध अधिनियम 10, 1952 की धारा 10-ए के तहत दंडनीय अपराध है। धारा 10-ए के तहत प्रावधान है कि यदि किसी को आयोग या उसके सदस्य की मानहानि करने का बयान देने का दोषी पाया जाता है तो उसे छह महीने की कैद या जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है।