सिंगला की अंतिम यात्रा में पहुंचे मनमोहन, पंजाब से नहीं गया कोई मंत्री
पंजाब के पूर्व वित्तमंत्री सुरिंदर सिंगला के निधन पर शाेक में राज्य में आज सरकारी कार्यालय बंद रहे। वहीं, उनके अंतिम संस्कार में पंजाब का कोई मंत्री शामिल नहीं हुआ।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व वित्तमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरिंदर सिंगला का शुक्रवार को दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका वीरवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके निधन पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से लेकर कैबिनेट मंत्रियों ने दुख तो व्यक्त किया, लेकिन कोई मंत्री या बड़ा नेता उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने दिल्ली नहीं गया।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह सिंगला की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, सिंगला के निधन को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पार्टी के अलावा निजी नुकसान बताया था। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा के सम्मान में शुक्रवार को राज्य के सभी कार्यालयों में छुट्टी का एलान किया था। वीरवार को करीब जयंती की छुïट्टी होने के कारण शुक्रवार को छुट्टी की गई।
कैप्टन ने कहा था कि वित्त मंत्री के तौर पर राज्य की अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में सिंगला ने विलक्षण योगदान दिया। वित्तमंत्री मनप्रीत बादल ने कहा था कि 'उनके साथ मेरी सांझ कोई दो दशक पुरानी थी। सुरिंदर सिंगला और उनके परिवार का मैं हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा, जिन्होंने बठिंडा से चुनाव लड़ते समय मेरा दिल से समर्थन किया था।
स्वास्थ्य मंत्री ब्रह्मï मोहिंदरा और खेल मंत्री राणा गुरमीत सोढ़ी ने भी शोक व्यक्त किया था, जबकि पीडब्ल्यूडी मंत्री विजय इंदर सिंगला के पूर्व वित्त मंत्री के निधन को निजी घाटा बताते हुए उन्हें गहरा मित्र बताया था। अहम बात यह रही कि सुरिंदर सिंगला की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए पंजाब कैबिनेट का एक भी मंत्री दिल्ली नहीं पहुंचा। सरकारी अवकाश होने के कारण अधिकतर मंत्री अपने हलके में थे।
बता दें, सुरिंदर सिंगला के निधन के शोक में राज्य में आज सरकारी कार्यालय बंद रहे। उन्होंने बठिंडा शहरी सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था। उनके निधन पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है और इसे कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ अपने के लिए भी निजी क्षति बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा के सम्मान में शुक्रवार को राज्य सरकार के सभी कार्यालयों में छुट्टी का एेलान किया। सिंगला सांस लेने में तकलीफ के कारण एम्स में भर्ती थे।
सिंगला कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री के तौर पर पिछले कार्यकाल दौरान 2002 से 2007 तक राज्य के वित्त मंत्री रहे। कैप्टन ने कहा कि सिंगला ने वित्तमंत्री के तौर पर राज्य की आर्थिकता को स्थिर करने के लिए विलक्षण योगदान दिया था। इसके लिए उनको हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने बठिंडा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सिंगला के योगदान को भी याद किया और कहा कि सिंगला एक योग्य प्रशासक और अर्थशास्त्री थे।