वित्त मंत्री का बजट सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी : अरुण सूद
सबसे लंबा बजट भाषण दिया जोकि सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद का कहना है कि यह ऐतिहासिक बजट है। वित्त मंत्री ने आज तक सबसे लंबा बजट भाषण दिया जोकि सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी है। हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। इससे अच्छा बजट हो ही नहीं सकता है। उनका कहना है कि केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ का भी विशेष ख्याल रखा है। वह इसके लिए मोदी सरकार के आभारी हैं। पिछले साल के मुकाबले में इस बार आठ प्रतिशत ज्यादा बजट मिला है। जोकि चंडीगढ़ के लिए खुशी की बात है। शहर के लिए नए विकास के काम होंगे। सूद ने इसके लिए सांसद किरण खेर का भी आभार जताया है। अरुण सूद का कहना है कि कांग्रेस के नेता जो चंडीगढ़ के बजट पर बयान दे रहे हैं असल में वह बचकाना है। कांग्रेस कह रही है कि चंडीगढ़ का जितना बजट बढ़ा है उससे शहर के गड्ढे भी नहीं भरेंगे। ऐसा कांग्रेस के कार्यकाल में हो सकता था क्योंकि उस समय जमकर भ्रष्टाचार होता था लेकिन अब भाजपा के सरकार में जो 384 करोड़ रुपये का बजट बढ़ा है। उससे पूरे शहर में नई सड़कें बन सकती हैं। सूद का कहना है कि चंडीगढ़ को कोई भी वित्तीय संकट नहीं आने दिया जाएगा। केंद्र सरकार के इस बजट से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। आयकर सीमा में छूट बढ़ाकर केंद्र सरकार ने कर्मचारियों और व्यापारियों को भारी राहत दी है। बजट में ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट पर प्रदूषण मुक्त वातारण के लिए भी अलग से फंड रखा गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में भारी सुधार आएगा। विदेश निवेश को बढ़ावा देकर देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति मजबूत होगी।