सांसद बिट्टू व विधायक कोटली के बयानों से बुरी घिरी कांग्रेस, पंजाब में आक्रामक हो रही राजनीति
पंजाब में कांग्रेस किसान आंदाेलन को लेकर कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और उनके भाई विधायक गुरकीरत कोटली के बयानों से बुरी तरह फंस गई है। इससे भाजपा पूरे मामले में कांग्रेस पर बेहद आक्रामक हो गई है। इससे भाजपा और कांग्रेस में टकराव बढ़ने की आशंका है।
चंडीगढ़, [कैलाश नाथ]। कांग्रेस पंजाब में पार्टी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और विधायक गुरकीरत सिंह कोटली के बयानों से बुरी तरह घिर गई है। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर भाजपा के वर्चुअल कार्यक्रम में किसानों के हमले, कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के लाशों के ढेर लगा देने के बयान और अब विधायक गुरकीरत कोटली के किसानों को दिल्ली आंदोलन के लिए सुविधाएं देने के बयान से पंजाब की राजनीति गरमा गई है। किसान आंदोलन में नक्सलियों के घुसने के आरोप लगाने वाली भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं। भाजपा ने कांग्रेस पर सीधे आरोप लगाए हैं कि किसानों को भड़काने और उकसाने के पीछे कांग्रेस का ही हाथ है।
लाशों के ढेर लगाने, किसानों को सुविधाएं देने वाले वीडियो पर बवाल
रविवार को कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के चचेरे भाई और खन्ना से कांग्रेस विधायक गुरकीरत सिंह कोटली का एक वीडियो वायलर हुआ जिसमें वह कह रहे है कि मुख्यमंत्री ने किसानों के प्रदर्शन को पूरा सपोर्ट किया है। जब तक किसानों ने पंजाब में धरना दिया तो उन्हें पंजाब सरकार ने कहीं से भी नहीं हटाया। टोल बैरियर या रिलायंस के आउटलेट से हटाने की कोई कोशिश नहीं की।
भाजपा के कार्यक्रमों में हुए हमलों ते बाद आक्रामक हुए भाजपाई
अब जब किसान दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं तो उन्हें हर तरह से सुविधा प्रदान की जा रही है, जो लोग वहां जाना चाहते हैं वह उनसे संपर्क करते हैं तो किसानों को वाहनों व अन्य प्रकार की सुविधा मुहैया करवा रहे हैं। गौरतलब है कि सांसद बिट्टू ने भी मीडिया में दिए एक बयान में कहा था कि वह लाशों के ढेर लगा देंगे, एक जनवरी से नए अंदाज से संघर्ष किया जाएगा।
अश्वनी शर्मा बोले, किसानों को भड़का रही कांग्रेस के चेहरे से उठा पर्दा
बिट्टू और कोटली के बयान पर भाजपा आक्रामक हो गई है। भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा का कहना है जब उन पर टोल प्लाजा पर हमला हुआ तो इसकी जिम्मेदारी कोटली के भाई व सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने ली। अब कोटली कह रहे है कि किसान संगठनों को कांग्रेस हर तरह की सुविधा दे रही है। इससे कांग्रेस के चेहरे से पर्दा उठ गया है और इससे साबित होता है कि कांग्रेस किसानों को गुमराह कर रही है। दिल्ली आंदोलन को भड़काने के पीछे कांग्रेस का ही हाथ है।
भाजपा लगा चुकी है आंदोलन में नक्सली लोगों के घुसने के आरोप
भाजपा के प्रदेश महासचिव सुभाष शर्मा ने कहा कि भाजपा केवल पंजाब की शांति व्यवस्था को लेकर चुप है। कांग्रेस अगर यह सोच रही है कि भाजपा डर जाएगी तो यह कांग्रेस की गलतफहमी है। सांसद रवनीत सिंह बिट्टू कह रहे हैं कि वह लाशों के ढेर लगाएंगे और इसके लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। बिट्टू इस तरह की बातें करके पंजाब का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
गुरकीरत सिंह कोटली के वीडियो पर कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ का कहना है कांग्रेस पहले ही दिन से किसानों का समर्थन कर रही है। पार्टी नेताओं से अपील की गई थी कि वह किसानों को हर संभव मदद करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कृषि सुधार कानूनों का विरोध किया है और करती रहेगी। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी है।
बढ़ सकता है भाजपा और कांग्रेस का टकराव
उल्लेखनीय है कि किसान आंदोलन के बाद से ही भाजपा और कांग्रेस में कई बार टकराव के आसार बनते रहे हैं। 25 दिसंबर को भाजपा के कार्यक्रमों में हमलों से पहले यूथ कांग्रेस ने भाजपा के अमृतसर और लुधियाना दफ्तर पर हमला किया था। अमृतसर दफ्तर में तो ताला लगा दिया था तो लुधियाना में भाजपा के दफ्तर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुलता फूंकने की कोशिश की थी। कांग्रेस और भाजपा के बीच तल्ख होती राजनीति से आने वाले समय में दोनों दलों के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें: पंजाब में भारत-पाक बार्डर पर सर्च अभियान तेज, हथियार मिले लेकिन मंगवाने वाले हाथ न आए
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें