भारत-अमेरिका के बीच मुक्त व्यापार समझौते का विरोध, चंडीगढ़ में आज किसानों का शक्ति प्रदर्शन; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर चंडीगढ़ में किसानों ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते और पंजाब की भूमि पूलिंग नीति के खिलाफ विशाल रैली की।

भारत-अमेरिका के बीच मुक्त व्यापार समझौते का विरोध (फाइल फोटो)
HighLights
संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते का विरोध किया
किसान पंजाब की नई भूमि पूलिंग नीति के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे
चंडीगढ़ पुलिस ने प्रदर्शन के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आह्वान पर शुक्रवार को पंजाब के विभिन्न जिलों से हजारों किसान चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित प्रदर्शनी ग्राउंड में महापड़ाव और विशाल रैली करेंगे। प्रदर्शन के मद्देनजर चंडीगढ़ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और शहरवासियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने प्रदर्शन के लिए सेक्टर-34 ग्राउंड में अनुमति दी है।
संयुक्त किसान मोर्चा ने किसानों, खेत मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और आम लोगों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है। मोर्चा का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता (इंडो-यूएस एफटीए) भारतीय कृषि, डेयरी क्षेत्र और छोटे उद्योगों के हितों के खिलाफ है। उनका आरोप है कि इस समझौते के लागू होने से सस्ते विदेशी कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में आएंगे, जिससे किसानों की आय और स्थानीय उद्योग प्रभावित होंगे।
इसके अलावा किसान पंजाब सरकार की नई भूमि पूलिंग नीति का भी विरोध करेंगे। मोर्चा का कहना है कि यह नीति किसानों के हितों के विपरीत है और इससे कृषि भूमि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों के अनुसार पंजाब के विभिन्न जिलों से किसान शुक्रवार सुबह से ही चंडीगढ़ पहुंचना शुरू हो जाएंगे। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया है।
चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सेक्टर-34 और आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। प्रदर्शन के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है, इसलिए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
