मोहाली में मुठभेड़, बदमाश गुरदित्त सिंह के पैर में लगी गोली; तीन पिस्तौल बरामद
मोहाली सीआईए टीम और बदमाश गुरदित्त सिंह के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सनेटा में पुलिस मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली।
HighLights
मोहाली में सीआईए टीम और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई
बदमाश गुरदित्त सिंह के पैर में गोली लगी, अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने तीन पिस्तौल बरामद कीं, उगाही की साजिश नाकाम
जागरण संवाददाता, मोहाली। सनेटा पुलिस चौकी के पास बुधवार को मोहाली सीआईए टीम और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। सीआईए ने गुप्त सूचना के आधार पर सुनसान इलाके में ट्रैप लगाया था।
अल्टो टैक्सी में सवार आरोपित को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उसने टीम पर तीन राउंड फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी। घायल को सिविल अस्पताल मोहाली में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी वरुण शर्मा ने घटनास्थल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपित के कब्जे से तीन पिस्तौल बरामद हुई हैं। इनमें दो नाइन एमएम और एक ग्लॉक पिस्तौल है। उन्होंने ग्लॉक पिस्तौल की बरामदगी को गंभीर बताते हुए कहा कि हथियार की बरामदगी और उसके स्रोत की गहन जांच की जा रही है।

एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि आरोपित की पहचान गुरदित्त सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से तरनतारन का रहने वाला है, जबकि पिछले कुछ समय से खरड़ क्षेत्र में रह रहा था। गुरदित्त सिंह कई आपराधिक वारदातों में वांछित था।

पुलिस के पास विश्वसनीय खुफिया जानकारी थी कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मोहाली जिले में एक्सटॉर्शन से जुड़ी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस की समय रहते कार्रवाई से उसकी इस योजना को विफल कर दिया गया।

आरोपित के दो साथियों के बारे में भी जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ऑपरेशन आकाश और एसपी डी सौरव जिंदल के नेतृत्व में टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसएसपी के अनुसार आरोपित के गैंगस्टर हैंडलर और आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। उसकी हालत स्थिर होने के बाद पिछली वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जाएगी।
