औद्योगिक क्षेत्र में रुकेगा विकास का पहिया
मोहाली नगर निगम की ओर से औद्योगिक क्षेत्र के लिए स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) का प्रस्ताव रद करने के बाद विकास का पहिया थमेगा।
जागरण संवाददाता, मोहाली : मोहाली नगर निगम की ओर से औद्योगिक क्षेत्र के लिए स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) का प्रस्ताव रद करने के बाद विकास का पहिया थमेगा। ध्यान रहे कि सरकार की ओर से इंडस्ट्रियल एरिया फोकल प्वाइंट फेज-4, 5, 7, 8ए, 8बी, 9 को एक कर मोहाली इंडस्ट्री एसोसिएशन ने स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) बनाई है। इसको लेकर इंडस्ट्री डिपार्टमेंट की ओर से हाल ही में एक नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है। इस एसपीवी को अधिकार दिए गए हैं कि वे अपने एरिया का प्रॉपर्टी टैक्स, पानी और सीवर का बिल खुद इकट्ठा करेंगे और सरकार की ओर से कुछ ग्रांट दी जाएगी। इसमें केंद्र का भी हिस्सा होगा। इसके जरिए एसपीवी की ओर से संबंधित एरिया में विकास कार्यों व मेंटेनेंस का काम किया जाएगा। अभी तक ये सभी टैक्स निगम द्वारा वसूले जाते हैं। निगम की बैठक में इस प्रस्ताव को रद कर दिया गया। ऐसे में निगम ही फिलहाल सभी तरह के टैक्स वसूलेगा। सरकार लागू करेगी प्रस्ताव
जानकारों का कहना है कि निगम को एसपीवी के प्रस्ताव को पास करना चाहिए था, ताकि इंडस्ट्री एरिया का विकास उद्योगपति अपने हिसाब से कर सकें। मोहाली इंडस्ट्री एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष संजीव वशिष्ट ने कहा कि सरकार इस प्रस्ताव को लागू करेगी। क्योंकि यह सरकार का फैसला है और सरकार ने ही इसे तैयार किया है। सड़कों का बूरा हाल
उद्योगपति कुलदीप सिंह ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों का बुरा हाल है। स्ट्रीट लाइट नहीं है। ऐसे में निगम ने प्रस्ताव रद कर दिया। अब इस प्रस्ताव को लेकर फिर से नए सिरे से काम करना होगा। ऐसे में औद्योगिक क्षेत्र में विकास का पहिया थमेगा। ऊधर औद्योगपतियों का कहना है कि इस मामले को लेकर वे जल्द ही इंडस्ट्री विभाग के अधिकारियों से बात कर इस मसले को जल्द हल करने की मांग करेंगे।