विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गमाडा मुख्यालय में ED की दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी, 100 से ज्यादा कर्मचारी टिके; रात में रुकने के लिए मंगाए गद्दे

By Rohit KumarEdited By: Prince Sharma
Published: Wed, 23 Sep 2026 08:15 PM (IST)

ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) मुख्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही, जिसमें 100 से अधिक अधिकारी डटे रहे।

पंजाब में ईडी का एक्शन दूसरे दिन भी जाी (फाइल फोटो)

पंजाब में ईडी का एक्शन दूसरे दिन भी जाी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. गमाडा मुख्यालय में ईडी की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी है।

  2. ईडी ने भवन की तीन मंजिलें सील कर जांच का दायरा बढ़ाया।

  3. 100 से अधिक ईडी और केंद्रीय बल के अधिकारी भवन में डटे।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के फेज-8 स्थित मुख्यालय में एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) की कार्रवाई दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रही।

मंगलवार सुबह शुरू हुई तलाशी और पूछताछ की कार्रवाई 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी खत्म नहीं हुई है। कार्रवाई के लंबा खिंचने के संकेत उस समय मिले, जब बुधवार शाम गमाडा भवन में ईडी की टीम और जांच के दायरे में आए अधिकारियों के लिए और गद्दे पहुंचाए गए। इससे पहले भी रात में अधिकारियों के रुकने के लिए गद्दों की व्यवस्था की गई थी।

ईडी ने मंगलवार को गमाडा मुख्यालय में कार्रवाई शुरू करने के बाद भवन की तीन मंजिलों को सील कर दिया था। बुधवार को जांच का दायरा और बढ़ाए जाने के साथ टीम ने अतिरिक्त बल भी बुलाया।

भवन के अंदर ईडी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद बताए जा रहे हैं। जांच के दायरे में आए गमाडा तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी भवन के अंदर ही हैं। कार्रवाई के दौरान भवन में आवाजाही पूरी तरह सीमित रखी गई है।

गुरुद्वारे से मंगाए गए गद्दे, खाने की भी व्यवस्था

मंगलवार रात कार्रवाई के दौरान अधिकांश ईडी अधिकारियों और जांच के दायरे में आए अधिकारियों को भवन से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद पास के एक गुरुद्वारे से गद्दे मंगवाकर अधिकारियों के रात रुकने की व्यवस्था की गई। बुधवार शाम फिर अतिरिक्त गद्दे भवन में पहुंचाए गए।

इन्हें दोपहिया वाहन से अंदर ले जाते हुए भी देखा गया। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। एक स्थानीय मिठाई कारोबारी की ओर से मिनी-बुफे के तौर पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

विकास गर्ग को ईडी वाहन से घर ले गई टीम

जांच के दायरे में पंजाब के आवास विभाग के सचिव विकास गर्ग भी हैं। बुधवार दोपहर ईडी की टीम उन्हें अपने वाहन में उनके आवास पर लेकर गई। वहां कुछ समय रुकने के बाद उन्हें वापस गमाडा मुख्यालय लाया गया।

सूत्रों के अनुसार, टीम उनके आवास पर ऐसे गेट से पहुंची और वापस लौटी, जहां मीडियाकर्मी मौजूद नहीं थे। इसके बाद विकास गर्ग को दोबारा गमाडा कार्यालय लाया गया।

ईडी की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में तलाशी के दौरान क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मंगलवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई बुधवार देर शाम तक जारी रही और अधिकारियों के रात में भी भवन में मौजूद रहने की संभावना है।