पंजाब में ड्रोन से होगा डेंगू के लार्वे पर वार, पटियाला में 60 दिन चलेगा अभियान
पंजाब में अब डेंगू के मच्छरों के लार्वा को खत्म करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। पटियाला में ...और पढ़ें

पंजाब में ड्रोन से डेंगू लार्वा पर वार।
HighLights
पंजाब में डेंगू लार्वा नियंत्रण हेतु ड्रोन उपयोग।
पटियाला में 60 दिन का विशेष अभियान शुरू।
दुर्गम क्षेत्रों में लार्वीसाइड का हवाई छिड़काव होगा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में डेंगू के मच्छरों के लार्वे को खत्म करने के लिए अब ड्रोन की मदद ली जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने पटियाला जिले के डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में ड्रोन से लार्वीसाइड के छिड़काव के लिए मुंबई की किरण कारपोरेशन के साथ समझौता किया है।
पहले चरण में 60 दिन का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें उन स्थानों पर खास ध्यान दिया जाएगा, जहां हाथ से छिड़काव करना मुश्किल है और मच्छरों के पनपने की आशंका अधिक रहती है।
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा एवं शोध मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की मौजूदगी में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। विभाग की ओर से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक डॉ. हितिंदर कौर और कंपनी की ओर से सचिन शेट्टी ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि पहले चरण में पटियाला जिले के उन चिह्नित हाटस्पाट पर ड्रोन तैनात किए जाएंगे, जहां वर्ष 2025 में डेंगू का अधिक प्रकोप रहा था। इनमें छतों पर पानी जमा होने वाले स्थान, खाली प्लॉट, खड़े पानी के बड़े स्रोत और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र शामिल हैं। यहां सरकार द्वारा अनुमोदित लार्वीसाइड और कीटनाशकों का हवाई छिड़काव किया जाएगा।
दूसरे जिलों में भी विस्तार की तैयारी
डॉ. बलबीर सिंह के अनुसार, यह पहल गैर-वित्तीय आधार पर चलाई जाएगी, जिससे सरकारी खजाने पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। अभियान पूरा होने के 10 दिन के भीतर इसकी व्यापक समीक्षा की जाएगी। इसमें लार्वे की संख्या में आई कमी का आकलन कर अन्य जिलों में भी इस तकनीक के चरणबद्ध विस्तार की योजना बनाई जाएगी।
