चंडीगढ़ में आज नहीं आएगा पीने का पानी, पहले इंतजाम करें शहरवासी, कजौली वाटर वर्क्स से बंद रहेगी सप्लाई
Water Crisis Chandigarh सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में आज शहर के लोगों को पानी की समस्या से जुझना पड़ सकता है। शहर में आज पीने के पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। आज शाम को होने वाली पानी की सप्लाई लो प्रेशर से होगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Water Crisis Chandigarh: सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में आज शहर के लोगों को पानी की समस्या से जुझना पड़ सकता है। शहर में आज पीने के पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। हालांकि सुबह पानी की सप्लाई आम दिनों की तरह सामान्य रही, लेकिन दोपहर और शाम को पानी की सप्लाई नहीं आएगी। ऐसे में शहरवासी पहले ही पानी का इंतजाम करके रखें।
चंडीगढ़ नगर निगम की तरफ से बकायदा एक दिन पहले मंगलवार शाम को पानी की सप्लाई बाधित रहने को लेकर सूचना जारी की गई है। निगम की तरफ से कहा गया है कि कजौली वाटर वर्क्स के फेज-3 के 1200 एमएम डाइआ पीएससी लाइन में लीकेज हो गई है। इस लाइन को आज ठीक किया जाएगा, जिस वजह से आज पंप हाउस फेज-3 वाटर वर्क्स कजौली से पानी की सप्लाई को बंद रखा जाएगा। यह लीकेज गांव भुखरी और चुंगियां के पास डाइआ पीएससी लाइन में आई है। इसे ठीक करने के लिए नगर निगम की टीम रवाना हो गई है। लीकेज को ठीक करने में 15 से 18 घंटे का समय लगेगा।
आज सुबह साढ़े सात से 9.30 बजे तक पानी की सप्लाई होगी, लेकिन शाम को 6 से 8 बजे तक दो घंटे आने वाली पानी की सप्लाई लो प्रेशर से होगी। इस वजह से घर की ऊपरी मंजिलों में रहने वालों को पानी की दिक्कत होगी।