डा. नवजोत का आप में स्वागत, लेकिन सीएम उम्मीदवार पर अभी फैसला नहीं : संजय
पूर्व क्रिकेटर नवजाेत सिंह सिद्धू की पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू को लेकर पंजाब में राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसी के मद्देनजर आप के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने को कहा कि डा. नवजोत का आप में स्वागत होगा, लेेकिन सीएम पद उम्मीदवार पर फैसला बाद में होगा।
चंडीगढ़। पूर्व एशियाई चैंपियन पहलवान व पंजाब पुलिस क पूर्व पहलवान करतार सिंह शनिवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इस मौके पर आप के प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू यदि पार्टी में शामिल होती हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन अभी मुख्यमंत्री पद के दावेदार के बारे में कोई फैसला नहीं किया गया है। समय आने पर इस बारे में ऐलान किया जाएगा।
पूर्व एशियाई चैंपियन पहलवान करतार सिंह आम आदमी पार्टी में शामिल
पूर्व पहलवान करतार सिंह को आप में शामिल कराते भगवंत मान और संजय सिंह।
करतार सिंह ने यहां प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आप में शामिल हाेने की घोषणा की। इस मौके पर संजय सिंह ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह और मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बीच मिलीभगत है। यही कारण है कैप्टन और उनके परिवार के खिलाफ दर्ज मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और बादलन सरकार में मुख्य संसदीय सचिव डा. नवजोत कौर सिद्धू के आम आदमी पार्टी में शामिल होने और उन्हें पंजाब में 'आप' का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घाेषित किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि डा. नवजोत के पार्टी में शामिल होने का स्वागत किया जाएगा। उन्होेंने कहा कि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर अभी कोई फैसला नहीं किया गया हैै। समय आने पर बताया जाएगा कि हमारा मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा।
पढ़ें : नवजाेत सिंह सिद्धू की पत्नी ने भाजपा नेतृत्व काे 'अप्रैल फूल' बनाया
उल्लेखनीय है कि डा. नवजोत कौर ने शुक्रवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर भाजपा से इस्तीफा देने की सूचना पोस्ट कर दी थी। इससे राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा हो गई थी। हालांकि बाद में उन्होंने इस पोस्ट काे हटा लिया था। इसके बाद उनके निजी सचिव ने इसे मजाक बताते हुए कहा था कि मैडम ने 'अप्रैल फूल' बनाया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद से पंजाब की राजनीति में चर्चाओं और गाॅसिप का बाजार अब भी गर्म है। जोर-शोर से यह बात फैली कि डा. नवजोत कौर सिद्धू को 'आप' पंजाब में अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बना सकती है। इसके बाद संजय सिंह को इस पर सफाई देनी पड़ी।
'आप' में शामिल होने के मौके पर एशियाई खेलों में दाे बार के स्वर्ण पदक जीतने वाले करतार सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियों ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है। यही कारण है कि वह इस पार्टी में शामिल हुए हैं। आप की अगुवाई में पंजाब से भ्रष्टाचार का खत्मा हो सकता है। नशे ने पंजाब के युवाओं काे बर्बाद कर दिया है। उन्हें विश्वास है कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर नशे का पंजाब से खात्मा होगा।
सांसद भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में 'आप' का तेजी से विस्तार हो रहा है और अच्छे व स्वच्छ छवि के लिए पार्टी से जुड़ रहे हैं। इससे साफ है कि जनता का रुख किधर है। उन्होंने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में आम अादमी पार्टी की शानदार जीत हाेगी और वह पंजाब में सरकार बनाएगी।