'एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' पर पंजाब की कांग्रेस सरकार के मंत्रियों की राय अलग-अलग
पंजाब की कांग्रेस सरकार के मंत्रियों में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल पर बनाई गई फिल्म एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर को लेकर अलग-अगल राय है।
चंडीगढ़, जेएनएन। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल के आधार पर बनाई गई फिल्म एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। हालांकि, यह किसी भी कांग्रेस शासित राज्य में प्रतिबंधित नहीं की गई है, लेकिन पंजाब सरकार के मंत्री इस पर अलग-अलग सुर अलाप रहे हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सहित अधिकतर मंत्री राज्य में इस फिल्म पर रोक के खिलाफ हैं तो कुछ मंत्री खुलकर इस पर प्रतिबंध लगाने की बात कर रहे हैं। दूसरी ओर, नवजोत सिंह सिद्धू इस पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
अकसर अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहने वाले स्थानीय निकाय व सांस्कृतिक मामलों के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू इस मामले में कोई टिप्पणी से पूरी तरह बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस फिल्म पर कोई टिप्पणी करने से अपने आप को यह कहते हुए बचा लिया है कि जरूरी नहीं कि हर सवाल का जवाब देना जरूरी हो? हालांकि उनके ही सहयोगी वन मंत्री साधू सिंह धर्मसोत का कहना है कि यह फिल्म कांग्रेस और डॉ. मनमोहन सिंह को बदनाम करने के लिए मोदी सरकार ने तैयार करवाई है। इसलिए पंजाब में इस पर पाबंदी लगाई जाएगी।
अमृतसर से कांग्रेस के विधायक डॉ राजकुमार वेरका का कहना है कि जनवरी महीने से जल्द ही 'फेंकू प्राइम मिनिस्टर' फिल्म तैयार की जाएगी। काबिले गौर है कि इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने पर मध्यप्रदेश में भी काफी विवाद हो गया था वहां पर भी फिल्म पर पाबंदी लगाने की बात उठने लगी थी, लेकिन पंजाब सरकार ने इस पर पाबंदी लगाने से साफ कर दिया। इसके बावजूद कुछ मंत्री इस पर रोक लगाने की बात कर रहे हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' भाजपा का महज राजनीतिक स्टंट है, जिसका उद्देश्य आगामी लोकसभा चुनावों में फायदा उठाना है। यह कांग्रेस को बदनाम करने का तरीका है जिसे कि हाल में विधानसभा चुनाव में बड़ी सफलता मिली है।
कैप्टन का कहना है कि भाजपा का मनमोहन सिंह को कमजोर प्रधानमंत्री के रूप में दर्शाने वाली फिल्म का इस्तेमाल करना न सिर्फ बचकानी हरकत है बल्कि राजनीति से प्रेरित भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के एक फिल्म का इस तरह से प्रचार करना और आधिकारिक टिवटर हैंडल से साझा करना और पूर्व प्रधानमंत्री की आलोचना करना उनकी बौखलाहट को दर्शाता है जो लोकसभा में हार की आशंका से उपजी है। उन्होंने भाजपा को सलाह दी थी कि वह इस कड़वी सच्चाई को स्वीकार कर लें कि वह लोगों का समर्थन खो चुकी है और यह जनाधार उसे इस तरह की सस्ती राजनीति कर वापस नहीं मिलने वाला।
मुख्यमंत्री का कहना है कि डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया जाना भी इसका संकेत है कि पार्टी को उनकी योग्यताओं और क्षमताओं में पूरा विश्वास था। उन्हें हमेशा देश को आर्थिक रूप से वैश्विक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए याद किया जाएगा। यदि भारत आर्थिक रूप से महाशक्ति बना है तो इसका श्रेय डॉ. मनमोहन सिंह सिंह को ही जाता है।