कहां गए भगवान? पंजाब पुलिस भी पता नहीं लगा पाई; डेराबस्सी में हिंदू संगठनों का फूटा गुस्सा
डेराबस्सी के मुबारकपुर स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर से भगवान के स्वरूप चोरी होने के बाद श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट ...और पढ़ें

पुलिस को दिया अल्टीमेटम खत्म होने के बाद धरने पर बैठे हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि व महिलाएं।
HighLights
डेराबस्सी मंदिर से भगवान के कीमती स्वरूप चोरी हुए।
पुलिस की निष्क्रियता पर श्रद्धालुओं ने धरना दिया।
मंदिर प्रबंधक केवल गर्ग भूख हड़ताल पर बैठे।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी (मोहाली)। गांव मुबारकपुर स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर गौशाला से चोरी हुए भगवान के स्वरूप बरामद नहीं होने पर श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस को दिया गया 24 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद मंदिर के मुख्य प्रबंधक केवल गर्ग समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं तथा डेराबस्सी हलके के लोगों के साथ डीएसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया।
इस दौरान केवल गर्ग ने आरोप लगाया कि जब वह शांतिपूर्ण धरने पर बैठने लगे तो डेराबस्सी के एक इंस्पेक्टर ने उन्हें रोकने की कोशिश की और कहा कि यहां धरना नहीं लगने दिया जाएगा। केवल गर्ग ने बताया कि बुधवार से उन्होंने अन्न-जल त्याग रखा है और वह भूख हड़ताल पर हैं।
उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर मंदिर में दूसरी बार चोरी हुई है। इस बार चोर भगवान के कीमती स्वरूप चोरी कर ले गए। पुलिस को आरोपितों की गिरफ्तारी और स्वरूप बरामद करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया था, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बावजूद कोई बरामदगी नहीं हुई।
धरने से क्यों रोका जा रहा : केवल गर्ग
केवल गर्ग ने आरोप लगाया कि जब वह अपने साथियों के साथ डीएसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठने पहुंचे तो एक इंस्पेक्टर ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिस भगवान के स्वरूप बरामद नहीं कर सकी तो इंसाफ मांगने वालों को धरने पर बैठने से क्यों रोका जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वह किसी से टकराव नहीं चाहते, बल्कि मंदिर से चोरी हुए भगवान के स्वरूप वापस चाहते हैं। जब तक स्वरूप बरामद नहीं होते, उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी।
भगवान ही मंदिर में नहीं तो किसकी करें पूजा
धरने में शामिल महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भावुक होकर कहा कि जिस मंदिर में वे वर्षों से माथा टेकने और पूजा-अर्चना करने जाते रहे हैं, वहां से भगवान के स्वरूप ही चोरी हो गए। श्रद्धालुओं ने सवाल किया, 'हम अब मंदिर जाकर किसकी पूजा करें, हमारे भगवान ही मंदिर में नहीं रहे।' उन्होंने कहा कि यह केवल चोरी नहीं, बल्कि लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला है।
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करे पुलिस
राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता संजीव खन्ना ने कहा कि एक महीने में मंदिर में दो बार चोरी होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि पहली वारदात के बाद प्रभावी कार्रवाई होती तो संभवतः दूसरी घटना को रोका जा सकता था।
रविंद्र वैष्णव, टोनी राणा और अन्य हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी केवल गर्ग का समर्थन करते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भगवान के स्वरूप बरामद नहीं हुए तो संघर्ष तेज किया जाएगा।
पुजारी के बयानों पर एफआईआर दर्ज
डीएसपी वरिंदर खोसा ने बताया कि मंदिर के पुजारी के बयानों के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। चोरी हुए भगवान के स्वरूप बरामद करने के लिए भी जांच जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मंदिर से कीमती मूर्तियां व लाखों की चोरी

श्री राधा कृष्ण मंदिर और गौशाला क्षेत्र के लोगों की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और गोसेवा के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में रखी कीमती मूर्तियां समेत लाखाें की चोरी हुई है। श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
