'पंजाब में दोहराया जा रहा दिल्ली वाला फॉर्मूला', CM मान के ऑफिस पर CBI रेड के बाद भड़की AAP
पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री कैंप ऑफिस पर सीबीआई की छापेमारी को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और मोदी सरकार पर चौतरफा हमला बोला है।
-1791308060792_m.webp)
सीएम कैंप ऑफिस पर सीबीआई रेड पर पंजाब सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्रः आप
HighLights
आप ने सीबीआई रेड को भाजपा की बौखलाहट बताया
नेताओं ने इसे मान सरकार को बदनाम करने की साजिश कहा
पंजाब की जनता चुनाव में लोकतांत्रिक जवाब देगी
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले सीएम कैंप ऑफिस पर सीबीआई की छापमारी पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और मोदी सरकार पर चौतरफा हमला बोला है। पार्टी के नेताओं ने कहा कि सीबीआई की रेड डालकर मान सरकार को बदनाम करने की कोशिशें की जा रही हैं।
पंजाब में मुद्दा विहीन भाजपा ने अब अपनी केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग शुरू कर दिया है। फर्जी मुद्दों के सहारे भाजपा को पंजाब में घुसाने की कोशिश कर रहे पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पर सीबीआई की रेड करा दी, लेकिन इस पंजाब की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
मनीष सिसोदिया ने बोला हमला
आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने एक्स पर कहा कि ऑपरेशन ज्ञानेश कुमार पर देश भर में हंगामा हो रहा है, तो पंजाब में चुनाव के लिए भाजपा की एडवांस पार्टी के रूप में सीबीआई को भेजा गया है। ये रेड ताकत का नहीं बौखलाहट का सबूत है।
उधर, आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी सीएम कैंप कायालय पर सीबीआई की रेड पर भाजपा को आड़े हाथ लिया। उन्होंने एक्स पर कहा कि हर चुनाव में भाजपा का सिर्फ एक हथियार ईडी-सीबीआई जांच एजेंसियों का दुरुपयोग है। पंजाब की जनता देख रही है कि किस तरह बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य पर अनुकरणीय काम करने वाली मान सरकार को बदनाम करने में जुटी है। भाजपा इस तानाशाही का जवाब पंजाब की जनता चुनाव में देगी।
मोदी सरकार दिल्ली वाला फार्मूला दोहरा रही: सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि मोदी सरकार पंजाब में ठीक वही दिल्ली चुनाव वाला फार्मूला दोहरा रही है। पंजाब में चुनावी पैठ बनाने के लिए बेताब भाजपा सरकार अब झूठे मुकदमे दर्ज करेगी और हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारियां करेगी। पंजाब की जनता देख सकती है कि धोखे से चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने दिल्ली के लोगों के साथ क्या किया है। पंजाब में यह धोखाधड़ी दोबारा नहीं दोहराई जा सकेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने एक्स पर भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री के कैंप ऑफ़िस पर सीबीआई रेड प्रधानमंत्री मोदी की हताशा है, इसलिए सीबीआई को लगाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब को आप ऐसे नहीं डरा सकते। पंजाबी ऐसे नहीं दबते हैं। कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा पंजाब में केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर सीबीआई की कार्रवाई इसी साजिश का हिस्सा है। आने वाले दिनों में ईडी और सीबीआई के जरिए मान सरकार और आम आदमी पार्टी के नेताओं को बदनाम करने की कोशिश की जाएगी। लेकिन ऐसी कार्रवाइयों से पंजाब की जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। जनता सब देख और समझ रही है।
भगवंत मान और आम आदमी पार्टी को मिल रहा जनता का प्यार और समर्थन ही भाजपा की सबसे बड़ी चिंता है। पंजाब की जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा की घबराहट साफ दिखाई देने लगी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर सीबीआई की कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना का हिस्सा नजर आती है।
केंद्र सरकार ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी सरकारों और नेताओं पर दबाव बनाने के लिए कर रही है। पंजाब में भी आम आदमी पार्टी सरकार को बदनाम और कमजोर करने की कोशिश हो रही है। लेकिन पंजाब के लोग सब समझ रहे हैं। चुनाव से पहले एजेंसियों के इस्तेमाल की यह राजनीति जनता देख रही है। भगवंत मान सरकार को मिल रहा समर्थन भाजपा की सबसे बड़ी परेशानी है।
चीमा बोले-पंजाब व पंजाबी कभी डरे नहीं
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा की हताशा साफ दिख रही है। देश में ईडी और सीबीआई के जरिए लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में हमारी याचिका का इंतजार किए बिना 24 घंटे के भीतर जो छापेमारी की है, वह पंजाबियों को डराने का प्रयास है। पंजाब और पंजाबी कभी डरे नहीं हैं।
राज्य के तीन करोड़ पंजाबी सीना ठोककर आम आदमी पार्टी और भगवंत मान के साथ खड़े हैं। वे भाजपा के नापाक इरादों और तौर-तरीकों का मुंहतोड़ जवाब देंगे। हम देश के संविधान व लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़क से लेकर संसद तक और अदालती प्रक्रिया के जरिए निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे।
मान सरकार के काम से बौखलाहट में भाजपा: अरोड़ा
आप के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि आज भाजपा ने सीबीआई की इस रेड के जरिये अपने 2027 के चुनाव कैंपेन का आगाज कर दिया है। पिछले पौने पांच साल में भगवंत मान सरकार ने जो काम किए हैं, उन्हें देखकर भाजपा घबराहट में है। जमीनी स्तर पर लोग भाजपा को देखने तक के लिए तैयार नहीं हैं, इसी बौखलाहट में भाजपा अपनी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए यह रेड करवा रही है।
पंजाब के लोग दिलेर हैं और वे हमेशा धक्केशाही का मुंहतोड़ जवाब देते आए हैं। आने वाले चुनावों में भी पंजाब की जनता द्वारा भाजपा को उसकी इस धक्केशाही का करारा जवाब दिया जाएगा।
