चंडीगढ़ में काली माता मंदिर में त्रिशूल में फंसा मिला शव, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
चंडीगढ़ के धनास में काली माता मंदिर में एक व्यक्ति का त्रिशूल में फंसा शव मिला। उसने आत्महत्या की है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
जेएनएन, चंडीगढ़। चंडीगढ़ के धनास में स्थित काली माता मंदिर में रविवार सुबह जब पुजारी पूजा करने के लिए पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। मंदिर परिसर में त्रिशूल पर एक व्यक्ति का शव लटक रहा था। पुजारी कुछ समझ नहीं पाया। आनन-फानन में उसने आसपास लोगों को बताया और पुलिस का सूचना दी।
मौके पर पुलिस पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इसके बाद जाकर मामलेे का राजफाश हुआ। मृतक कौन है और कहां से आया इसके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवा दिया है। कोरोना टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
घटना के बारे में उस समय पता चला जब मंदिर के पुजारी सुबह करीब 6 बजे मंदिर में पहुंचे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इस घटना से आसपास के लोग भी सहमे हुए थे कि आखिर मंदिर परिसर में व्यक्ति का शव इस हालत में कैसे पड़ा है, लेकिन बाद में जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो सारे मामले का खुलासा हुआ।
सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि व्यक्ति पहले परिसर में लेटा हुआ था। अचानक करीब साढ़े 10 बजे वह उठा और अजीब सी हरकतें करने लगा। इसके बाद वह जोर जोर से अपना सिर हिलाने लगा और मंदिर परिसर में पड़े त्रिशूल में अपना सिर फंसा लिया।
काफी देर तक वह छटपटाता रहा, लेकिन अंत में वह हार गया और उसकी मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की उम्रलगभग 45 वर्ष के बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि व्यक्ति की हालत मरने से पहले किस तरह की थी। वह मानसिक रूप से कमजोर था या नशे में था।