चंडीगढ़ का DAV कॉलेज जश्न में डूबा, गरबा-डांडिया की धुन पर स्टूडेंट्स की मस्ती; दिनभर उत्सव जैसा माहौल
सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में नवरात्र के अवसर पर डांडिया फेस्ट का आयोजन किया गया। इसमें हजारों स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। दिनभर मस्ती का माहौल रहा।
HighLights
कॉलेज में नवरात्रि पर डांडिया फेस्ट का आयोजन।
स्टूडेंट्स ने पारंपरिक परिधानों में लिया हिस्सा।
कॉलेज का उद्देश्य छात्रों को संस्कृति से जोड़ना।
उपेंद्र सेन गुप्ता, चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज वीरवार को उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। नवरात्र के मौके पर कॉलेज में डांडिया फेस्ट का आयोजन कराया गया, जिसमें हजारों की संख्या में स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। गरबा-डांडिया की धुन पर तेज साउंड सिस्टम की आवाज पर स्टूडेंट्स जमकर थिरके।
सुबह से ही कॉलेज परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। ज्यादातर छात्र-छात्राएं पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर आए थे। कॉलेज प्रशासन ने ग्राउंड में विशेष व्यवस्था की थी। डीजे पर पंजाबी और गुजराती गानों की धुन बजते ही पूरा मैदान गूंज उठा।
दोपहर तक यह सिलसिला चलता रहा। कॉलेज में बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांडिया कपल और बेस्ट डांस परफॉर्मेंस जैसे कई मुकाबले भी आयोजित किए गए। छात्रों में फोटो और वीडियो बनाने का भी क्रेज देखने को मिला। कॉलेज प्रिंसिपल ने कहा कि इस तरह के आयोजन का मकसद स्टूडेंट्स को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है।
पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें अपनी परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि डीएवी कॉलेज हमेशा से सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देता रहा है। छात्रों ने भी इस आयोजन को लेकर खुशी जताई।
