चंडीगढ़ में ससुरालियों ने मायके वालों को फोन पर धमकाया बेटी को ले जाओ नहीं तो मार देंगे, सुबह मिली मौत की खबर
चंडीगढ़ के गांव धनास में एक विवाहिता की मौत हुई है। मायका पक्ष ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगा रहा है। मृतका पूजा के मायके वालों का आरोप है कि बीती रात ससुराल वालों ने उन्हें फोन कर बेटी को जान से मारने की धमकियां दी।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ के गांव धनास में एक विवाहिता की मौत हुई है। महिला की पहचान 25 वर्षीय पूजा के तौर पर हुई है। मामले में मायका पक्ष ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगा रहा है। पूजा के मायके वालों का आरोप है कि बीती रात ससुराल वालों ने उन्हें फोन कर बेटी को जान से मारने की धमकियां दी। वहीं, उसके अगले दिन बेटी की मौत की खबर मिली। ससुरालियों ने मायके वालों को देर रात धमकी दी थी कि तुम्हारी बेटी बेवजह लड़ाई कर रही है, इसे लेकर जाओ वरना जान से मार देंगे। सुबह पड़ोसियों से पूजा के मायके वालों को उसके सुसाइड करने की सूचना मिली।
पूजा के मायके वालों ने सारंगपुर थाना पुलिस को ससुरालियों द्वारा बेटी की हत्या करने के आरोप में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर लिखित शिकायत दी है। फिलहाल थाना पुलिस मृतका 25 वर्षीय पूजा का शव जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवाया है। थाना पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।
शिकायतकर्ता राम ने बताया कि उनकी भतीजी पूजा की शादी 3 साल पहले हुई थी। इसके बाद वह पति के साथ धनास में रहने लगी थी। पिछले डेढ़ साल से पूजा और उसके ससुराल वालों के बीच विवाद चल रहा था। ससुराल वालों पर पूजा को प्रताड़ित करने का भी आरोप है। पूजा की ढाई साल की बेटी भी है।
शिकायतकर्ता राम ने बताया कि रविवार की रात ससुराल वालों ने कॉल कर बताया कि पूजा बेवजह सभी से लड़ाई झगड़ा कर रही है। उन्होंने कहा कि इसे तत्काल यहां से लेकर जाओ। वरना विवाद बढ़ने पर इसे जान से मार देंगे। जिस पर उन लोगों ने सोचा कि पारिवारिक विवाद अकसर होते रहते हैं। लेकिन दूसरे दिन बेटी के पड़ोस में रहने वाले एक रिश्तेदार ने कॉल कर बताया कि पूजा की मौत हो गई है और ससुराल वाले बता रहे हैं कि उसने कमरे में सुसाइड कर लिया है। इसके बाद मायका पक्ष के रिश्तेदार सहित अन्य लोगों ने पहुंचकर सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी।