चंडीगढ़ के सामुदायिक केंद्रों में बनेंगे कोविड सेंटर, कोरोना बचाव के लिए हर वार्ड में पार्षद खर्च करेंगे 5 लाख रुपये
चंडीगढ़ के सामुदायिक केंद्रों में कोविड केयर सेंटर बनाए जाएंगे। वहीं हर वार्ड की स्थिति के हिसाब से वहां कोरोना बचाव की सुविधाओं पर खर्चा किया जाएगा। नगर निगम ने हर पार्षद के लिए वार्ड डेवलपमेंट से पांच लाख रुपये खर्च करने का अधिकार दे दिया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ नगर निगम भी शहरवासियों की कोरोना से बचने के लिए मदद करेगा। हर वार्ड की स्थिति के हिसाब से वहां कोरोना बचाव की सुविधाओं पर खर्चा किया जाएगा। नगर निगम ने हर पार्षद के लिए वार्ड डेवलपमेंट से पांच लाख रुपये का खर्चा करने का अधिकार दे दिया है। इसके साथ मास्क और सेनिटाइजर भी बांटे जा सकते हैं।
नगर निगम कमिश्नर केके यादव ने मेयर रविकांत शर्मा के साथ बैठक करके यह फैसला लिया है। पिछले माह हुई सदन की बैठक में यह मांग उठी थी कि कोरोना से बचाव के लिए वार्ड डेवलपमेंट फंड से पार्षदों को खर्च करने का अधिकार दिया जाए। इसके साथ ही सदन में यह भी प्रस्ताव पास किया गया था कि हर पार्षद एक एक माह का मानदेय भी दान करेंगे। इसके बाद यह निर्णय हुआ है।
हाल ही में सांसद किरण खेर ने भी अपने निधि कोष से एक करोड़ रुपये की राशि वेंटिलेंटर खरीदने के लिए पीजीआइ चंडीगढ़ को दी है। जिस पर आप के संयोजक चंद्रमुखी शर्मा ने आपत्ति जताई है। आप नेताओं का कहना है कि सांसद निधि कोष से फंड जारी न होने पर पाबंदी लगी हुई है, ऐसे में सांसद किरण खेर ने एक करोड़ रुपये का फंड पीजीआइ को कैसे दे दिया।
वहीं नगर निगम ने कोविड सेंटर बनाने के लिए सामुदायिक केंद्रों के द्वार खोल दिए हैं। कोई भी संस्था सामुदायिक केंद्रों में कोविड सेंटर बनाने के लिए आवेदन कर सकती है। नगर निगम की ओर से निशुल्क सामुदायिक केंद्र दिए जाएंगे। मेयर रविकांत शर्मा ने कहा कि इस समय निगम भी शहर में राहत कार्य मे जुटा है। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग टीम कोरोना के चेन को तोड़ने में जुटी है तो वहीं सफाई कर्मचारी एकांतवास व कंटेंमेंट जोन में रह रहे लोगों का कोरोना मानकों के तहत कचरा उठा रहे हैं। महामारी से बचाव के लिए सामाजिक संस्थाएं सामने आ रहीं हैं। इसलिए निगम भी उनके सहयोग के लिए सामुदायिक केंद्र निशुल्क देने को तैयार है। इसके साथ ही होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है।
निगम ने ऐसे लोगों के घरों से कचरा उठाने के लिए 20 गाड़ियां शुरू की हैं। इनकी जानकारी निगम की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। इससे पहले निगम ने एकांतवास व कंटेंमेंट जोन में रहने वाले लोगों की सहूलियत के लिए अलग से नंबर व मेल आइडी जारी किया था। नगर निगम के अनुसार लोग http://mcchandigarh.gov.in/ पर अपनी समस्या नगर निगम को बता सकता है।