केंद्र की मोदी सरकार के तीन साल में हुआ देश बेहाल : ज्याेतिरादित्य
पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मोदी सरकार के तीन साल के कार्यकाल में देश कर हरलत बुरी हो गई है। किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं और बेरोजगारी बढ़ी है।
जेएनएन, चंडीगढ़। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के तीन साल के कार्यकाल में देश बेहाल हो गया है। किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है। सरकार ने अभी तक अपनी विदेश नीति स्पष्ट नहीं की है। कश्मीर की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके बाद भी मोदी सरकार का विरोध करने वालों को देश द्रोही बना दिया जाता है।
किसान कर रहे हैं आत्महत्याएं, नहीं बढ़ाई जा रहा फसलों का एमएसपी
वह चंडीगढ़ में केंद्र सरकार के तीन साल के कार्यकाल को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पंजाब में नशे की समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की वजह से पंजाब में नशे की समस्या बढ़ी है। पंजाब का युवा डिप्रेशन का शिकार होकर नशे के चंगुल में फंस गया है।
यह भी पढ़ें: CBSE की 12वीं के रिजल्ट में छा गया चंडीगढ़, चार में से तीन टॉपर यहां के
उन्हाेंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने वायदा किया था कि उनकी सरकार आएगी तो दो करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर देंगे। अभी तक दो लाख युवाओं को भी रोजगार नहीं दिया जा सका है। उन्होंने कहा कि किसान लगातार आत्महत्याएं कर रहे हैं। 12 हजार किसान तीन सालों में आत्महत्याएं कर चुके हैं। कारण है कि सरकार ने फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं बढ़ाया।
किसानों को खेती में फा.दा नहीं उल्टा नुकसान हो रहा है। इन हालातों में किसान कैसे जी पाएंगे। यही हालात पंजाब के हैं। पंजाब में कांग्रेस सरकार के दो महीने के कार्यकाल में 54 किसानों की आत्महत्याओं को लेकर पूछने पर उन्होंने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य तो केन्द्र सरकार ही तय करती है।
यह भी पढ़ें: गठबंधन में आने लगी दरार, भाजपा नेताओं के निशाने पर रहा अकाली दल
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अब यह तय करने में जुटी है कि लोग क्या खाएं, क्या पीएं, क्या पहनें। दलित विरोधी सरकार के रूप में पहचान बना चुकी मोदी सरकार का एजेंडा है कि देश से दलितों को सफाया कर दिया जाए। उन्होने बीते दिन राहुल गांधी को सहारनपुर में प्रवेश न करने देने को लेकर भी सरकार की निंदा की। उन्होंने कहा कि गोरक्षा के नाम पर देश भर में गुंडागर्दी हो रही है।
सिंधिया ने कहा कि कश्मीर में कांग्रेस सरकार ने अमन शांति का माहौल कायम किया था। अब मोदी सरकार ने दोबारा कश्मीर को अशांत बना दिया है। 13-13 साल की लड़कियां व लड़के पत्थरबाजी कर रहे हैं। देशभर में नक्सली हमलों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। इसके बाद भी सरकार चुप है।
उन्होंने कहा, हम पाकिस्तान को जवाब नहीं दे पा रहे हैं। विपक्ष में भाजपा थी तो सुषमा स्वराज कहती थी एक जवान के बदले में पाकिस्तान के 10 जवानों के सर कलम करेंगे। अब कहां गए उनकी ये बातें और दावे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अभी तक अपनी विदेश नीति भी स्पष्ट नहीं कर पाई है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की हरकतों को देखते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 10 साल में एक बार भी वहां के दौरे पर नहीं गए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन बार तीन साल में पाक का दौरा कर चुके हैं। चीन हमें हर तरफ से घेर रहा है, लेकिन हम कुछ नहीं कर रहे हैं।