पहली बार बैठक लेने आए राष्ट्रीय संगठन मंत्री को पार्षदों ने बताई शिकायतें
चंडीगढ़ भाजपा के नेताओं और पार्षदों के साथ बैठक लेने के लिए पहुंचे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : राष्ट्रीय संगठन मंत्री बनने के बाद बीएल संतोष पहली बार चंडीगढ़ भाजपा के नेताओं और पार्षदों के साथ बैठक लेने के लिए पहुंचे। बैठक में संगठन मंत्री ने पार्टी और पार्षदों की ओर से कोरोना की लड़ाई में जरूरतमंद लोगों के लिए किए गए कामों की लिखित रिपोर्ट ली। जबकि बैठक में पार्षदों ने संगठन मंत्री के समक्ष अपनी शिकायतों का पिटारा भी खोल दिया। पार्षद अनिल दूबे ने कहा कि प्रवासी लोगों को उनके मूल राज्य भेजा जा रहा है। ऐसे लोगों की मदद के लिए जो टीम बनाई गई है, उसमें पूर्वाचल के नेताओं की अनदेखी करके उस नेता को लिया गया है जोकि चार माह पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुआ है। प्रदेश कार्यकारिणी की टीम में भी पूर्वाचल को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया है। संगठन की सेहत सुधारने की जरूरत
इसके साथ ही पूर्व मेयर देवेश मोदगिल ने भी कहा कि संगठन की सेहत सुधारने की जरूरत है। उन्होंने साल 2018 में मेयर चुनाव में बगावत कर नामांकन करने वाले नेताओं का भी मामला उठाया। पार्षद हीरा नेगी ने प्रदेश कार्यकारिणी में शहर से बाहर रहने वाले लोगों को शामिल करने का मामला उठाया। सभी की सुनने के बाद राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने सबको एकजुट होकर काम करने का पाठ पढ़ाया। कुछ पार्षदों और नेताओं ने अकेले मिलकर राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष के आगे अपनी बात रखी। दिल्ली में ही कटी सिटिंग पार्षदों की टिकट
उन्होंने पार्षदों को मैसेज देते हुए यह भी कहा कि दिल्ली के नगर निगम चुनाव में सभी सिटिग पार्षदों की टिकट काट दी गई थी। कई बार कुछ पार्षद अधिकारियों के साथ मिलकर दूसरे पार्षदों के काम रुकवाते हैं जोकि नहीं करना चाहिए। जबकि इससे आपस में ही दरार पड़ती हैं, ऐसा किसी को नहीं करना चाहिए। संगठन मंत्री ने आपदा स्थिति में भाजपा की ओर से चंडीगढ़ में किए गए कार्यो की प्रशंसा की। शाम को पार्षदों के साथ बैठक से पहले राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ बैठक की जिसमें सांसद किरण खेर शामिल नहीं हुई। कोर ग्रुप की बैठक में अध्यक्ष अरुण सूद, स्थानीय संगठन मंत्री दिनेश कुमार, मेयर राजबाला मलिक, पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन ने भी भाग लिया। चंडीगढ़ भाजपा के नेताओं से पहले राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने हिमाचल भाजपा के नेताओं के साथ भी बैठक की।