CoronaVirus Alert: चंडीगढ़ प्रशासक की अधिकारियों से बैठक, मार्केट्स में लग सकता है ऑड-ईवन फार्मूला
पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर आज चंडीगढ़ पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों से मीटिंग करेंगे। बैठक में कोरोना संक्रमण को रोकने को लेकर चर्चा होगी। वहीं नई गाइडलाइन भी जारी की जाएगी। शहर की मार्केट्स में ऑड ईवन फार्मूला लागू हो सकता है।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ समेत साथ लगते शहर मोहाली और पंचकूला में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने की बजाय कई गुणा तेजी से बढ़ रही है। प्रशासन के प्रयास भी वायरस की रफ्तार नहीं रोक पा रहे हैं। इससे यह तेजी से पांव पसार रहा है।
अब तो ट्राईसिटी यानी चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली तीनों के हालात बद से बदतर हो गए हैं। इसका कारण यह है कि इन तीनों शहरों में रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। पंचकूला और मोहाली के हजारों लोग चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं। इसी तरह से चंडीगढ़ से भी काफी लोग दोनों शहरों में जाते हैं। यही वजह है जो वायरस एक जगह से दूसरी जगह ट्रैवल कर रहा है। जो संक्रमण को बड़े स्तर पर तेजी से फैलने में मदद कर रहा है।
संक्रमण को रोकने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने कई एहतियाती कदम उठाए, लेकिन यह अभी तक कारगर साबित नहीं हो रहे। दस दिनों से तो हालात पर चर्चा के लिए मीटिंग तक नहीं हुई। अब आज को हाईपावर मीटिंग पंजाब राजभवन में होने जा रही है। पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों से मीटिंग करेंगे। उनसे अपडेट लेंगे और उठाए जा रहे कदम की जानकारी लेंगे।
बताया जा रहा है कि इस मीटिंग में मार्केट की भीड़ कम करने के लिए ऑड-ईवन फार्मूला लागू किया जा सकता है। इसके साथ ही पर्यटन स्थलों पर दूसरे राज्यों से जुटने वाले लोगों की भीड़ कम करने के लिए भी कठोर कदम उठाने की चर्चा है। अब देखना यह होगा कि आखिर किस तरह के कदम उठाए जाते हैं। इसके अलावा प्रशासन शादी-ब्याह और सामाजिक, राजनीतिक कार्यक्रमों में भी मेहमानों संख्या और कम करने की घोषणा कर सकता है। इनमें गेस्ट संख्या कम होकर 20 और 50 तक हो सकती है।
यह भी पढ़ें - पंजाब में सनकी बुजुर्ग ने घर को बनाया कब्रिस्तान, माता-पिता व बहन काे आंगन में दफनाया; मां की खाेपड़ी किचन में रखी