पंजाब में कोरोना का कहर, 24 घंटे में 22 लोगों की मौत, 1024 नए मरीजाें की पुष्टि
पंजाब में कोरोना का कहर जारी है। राज्य में कोराना से पिछले 24 घंटे के दौरान 22 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान राज्य में 1024 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई।
चंडीगढ़/जालंधर, जेएनएन। पंजाब में कोरोना वायरस का कहर दिनाें-दिन बढ़ता जा रहा है। राज्य में कोरोना वायरस Covid -19 के कारण लोगों की मौतों की संख्या भी बढ़ गई है। एक दिन में एक बार फिर कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार के पार पहुंच गया। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान 1024 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस दौरान राज्य में काेरोना से 22 मरीजों की मौत हो गई। इससे राज्य में दहशत है। ,राज्य में सबसे ज्यादा केस अब भी लुधियाना में आ रहे हैं।
लुधियाना पूर्वी के विधायक समेत परिवार के पांच लोग भी आए चपेट में
पंजाब में कोरोना वायरस से अब तक मारे गए लोगों की संख्या 538 हो गई है। इसके साथ ही राज्य में कुल सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 7968 हो गई है। राज्य में अब तक कुल सामने आए मरीजों की संख्या 22544 हो गई है। इनमें से 14040 मरीज ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 381 मरीज ठीक होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए।
लुधियाना में 296 और पटियाला में 115 पॉजिटिव मरीज मिले
पिछले 24 घंटे के दौरान लुधियाना में 296 लोग कोराेना पॉजिटिव पाए गए और 10 लोगों की मौत इसके कारण हुई है। संक्रमितों ने लुधियाना पूर्वी के विधायक संजय तलवाड़, उनकी पत्नी, दो बेटे और एक भाई भी शामिल है। इसके अलावा राज्य में सबसे ज्यादा मरीज पटियाला में 115, जालंधर में 104, बठिंडा में 91 और अमृतसर में 59 मिले हैं।
पटियाला में एक और जालंधर, बठिंडा व अमृतसर जिले में दो-दो लोगों की मौत भी दर्ज की गई है। जालंधर में जिला महिला कांग्र्रेस प्रधान जसलीन सेठी और लुधियाना में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन दिनेश बस्सी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी तरह रूपनगर के एडीसी (विकास) भी संक्रमित पाए गए हैं।
पंजाब कोरोना मीटर
कुल केस/24 घंटे में-
22,544/1024
कुल सक्रिय केस/24 घंटे में-
7968/411
कुल स्वस्थ हुए/24 घंटे में-
14040/381
कुल मृत्यु/24 घंटे में- 538/22
कुल टेस्ट/24 घंटे में-
6,46,439/12,168