ठंडे मौसम ने दिलाई गर्मी से निजात, 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा चंडीगढ़ का पारा
बुधवार को चंडीगढ़ में दिन भर बादल छाए रहे वहीं वीरवार की सुबह भी सुहावनी रही।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : बुधवार को चंडीगढ़ में दिन भर बादल छाए रहे वहीं वीरवार की सुबह भी सुहावनी रही। सुबह से हो रही हल्की फुल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात दिलाई। चंडीगढ़ में सुहावने मौसम का आनंद लेते हुए लोग नजर आए।
गौरतलब है कि पिछले लंबे समय से भीषण गर्मी की मार झेल रहे शहर में मानसून से पूर्व ही बारिश ने बड़ी राहत प्रदान की है। बारिश से बुधवार को अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य तापमान से 1 डिग्री सेल्सियस कम था। वीरवार को सुबह का तापमान में गिरावट आई। तापमान सुबह 29 डिग्री तथा दोपहर 12 बजे के बाद 30 डिग्री सेल्सियस नोट किया गया। तेज बारिश का ये क्रम 3 जुलाई तक जारी रहने का अनुमान है। बुधवार को भी दिनभर रुक-रुक कर पूरे दिन बारिश जारी रही। लगातार रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। वीरवार को सुबह तेज बारिश से मौसम और ठंडा हो गया। बुधवार शाम तक 2.1 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि आने वाले 48 घंटों में मानसून चंडीगढ़ में दस्तक दे देगा। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में सुबह 8 बजे तक 0.9 एमएम बारिश हुई, जबकि सुबह साढ़े 8 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक 0.8 डिग्री बारिश हुई। मौसम विभाग के हरियाणा सरकार को 28 और 29 जून को राज्यों के कई हिस्सों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।