शारीरिक दूरी को लेकर आढ़तियों और मार्केट कमेटी के कर्मचारियों में विवाद
नाराज आढ़ती संजीव शर्मा ने इस संबंध में सलाहकार मनोज परिदा को ट्वीट कर अपनी नाराजगी भी जाहिर की। इसमें कमेटी सचिव और कर्मचरियों पर बेवजह आढ़तियों को परेशान करने का आरोप लगाया।
चंडीगढ़, जेएनएन। सेक्टर-17 बस स्टैंड पर बनाई गई मंडी में उस समय बवाल हो गया जब आढ़तियों और मार्केट कमेटी के कर्मचारियों में विवाद हो गया। यहां पर एक फल आढ़ती के दस्तावेज और तराजू को कमेटी के कर्मचारियों ने उठा लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंची। कमेटी कर्मचारियों का कहना था कि आढ़ती के कर्मचारियों द्वारा शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा था। जिस कारण कार्रवाई की गई।
उस समय आढ़ती संजीव शर्मा भी मौके पर मौजूद नहीं थे लेकिन बाद वह आढ़तियों के साथ लेकर मौके पर पहुंचे जहां पर उनकी मार्केट कमेटी के सचिव के साथ बहस हुई। कुछ आढ़तियों और कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत किया। बाद में कमेटी की ओर से तराजू और दस्तावेज वापस कर दिए गए। नाराज आढ़ती संजीव शर्मा ने इस संबंध में सलाहकार मनोज परिदा को ट्वीट कर अपनी नाराजगी भी जाहिर की। इसमें कमेटी सचिव और कर्मचरियों पर बेवजह आढ़तियों को परेशान करने का आरोप लगाया। संजीव शर्मा के अनुसार कमेटी कर्मचारी बेवजह परेशान करते हैं।
कोरोना वॉरियर्स के लिए प्रशासन ने दिया हेल्थ इंश्योरेंस
केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज इंश्योरेंस स्कीम के तहत हेल्थ वर्करों को इंश्योरेंस का तोहफा दिया गया है। इस इंश्योरेंस पैकेज के तहत अब चंडीगढ़ प्रशासन ने भी केंद्र की नोटिफिकेशन को स्थानीय स्तर पर नोटिफाई कर दिया है। प्रशासन के हेल्थ डिपार्टमेंट के तहत काम करने वाले सभी हेल्थ वर्करों चाहे वे कांट्रैक्ट पर, डेलीवेज या रेगुलर इंप्लाई हों। उन्हें हेल्थ इंश्योरेंस का लाभ मिलेगा। यह हेल्थ इंश्योरेंस 90 दिनों के लिए होगा। जिसमें 50 लाख रुपये तक का इंश्योरेंस कवर दिया जाएगा। यह इंश्योरेंस स्कीम 30 मार्च से लागू मानी जाएगी। इसको लेकर प्रशासन ने वीरवार को अपने स्तर पर नोटिफिकेशन जारी की।