वारंटी पीरियड में Laptop बदलने से किया मना अब देना होगा 17 हजार रुपये हर्जाना
चंडीगढ़ फेज-1 की शैली वर्मा ने 20 जून 2017 को डेल कंपनी का लैपटाॅप 36 हजार रुपये में खरीदा था। इसके कुछ दिनों बाद ही वह ऑटोमेटिकली ऑफ होने लगा।
जासं, चंडीगढ़। कंज्यूमर फोरम ने सेक्टर-20 स्थित प्रेम संस लैपटॉप शॉप पर हर्जाना लगाया है। फाेरम ने प्रेम संस को शिकायतकर्ता को 10 हजार रुपये मुआवजा और 7 हजार रुपये केस खर्च देेने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही लैपटॉप के 36 हजार रुपये भी वापस करने को कहा है।
चंडीगढ़ फेज-1 निवासी शैली वर्मा ने इस शॉप से 20 जून, 2017 को डेल कंपनी का लैपटाॅप 36 हजार रुपये में खरीदा था। इसके कुछ दिनों बाद ही लैपटाॅप में खराबी अा गई और वह ऑटोमेटिक ऑफ होने लगा। जब शिकायतकर्ता ने लैपटॉप बनाने वाली कंपनी से इसके बारे में बात की तो उन्होंने कहा कि लैपटॉप इंडिया में नहीं बना, इसलिए वह इसे ठीक नहीं कर सकते। इसके बाद जब प्रेम संस के मलिक से मिले तो उन्होंने लैपटाॅप को दिल्ली स्थित क्यूबिक्स केयर लैपटॉप कंपनी को भेजा। क्यूबिक्स से लैपटॉप ठीक कर भेज दिया। लेकिन लैपटॉप ने फरवरी, 2018 में फिर काम करना बंद कर दिया। कंपनी ने इस बार लैपटॉप ठीक करने से मना कर दिया। शिकायतकर्ता ने परेशान होकर प्रेम संस शॉप से लैपटॉप बदलने को कहा तो उन्होंने इनकार कर दिया। परेशान होकर शैली ने कंज्यूमर फोरम में शिकायत दी।
वहीं, प्रेम संस ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि उनके पास यह लैपटॉप नहीं था। शिकातयकर्ता की डिमांड पर उनको यह लैपटॉप सील बंद बॉक्स में दिया गया था। इसके अलावा शिकायतकर्ता को खराब हुए लैपटाॅप के बदले लैपटॉप दिया जा रहा था, लेकिन उन्होंने लेने से मना कर दिया।