कार में लहूलुहान मिला हाई कोर्ट की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल, पीजीआइ में इलाज के दौरान तोड़ा दम
पीजीआइ में उपचार के दौरान तोड़ा दम। जेब से मिले आइकार्ड से मृतक की पहचान हाईकोर्ट की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सिमरजीत सिंह के तौर पर हुई थी।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पंजाब पुलिस के कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। कांस्टेबल ने पीजीआइ में उपचार के दौरान दम तोड़ा। मृतक कांस्टेबल की पहचान सिमरनजीत सिंह के तौर पर हुई है। फिलहाल, शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सेक्टर-3 थाना की पुलिस सभी एंगल पर मामले की जांच करने में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार कांस्टेबल सिमरनजीत सिंह की पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट सुरक्षा में ड्यूटी थी। चंडीगढ़ पुलिस को शुक्रवार तड़के 3:10 बजे पंजाब एमएलए हॉस्टल के पास खड़ी कार में व्यक्ति के गोली लगने से लहूलुहान हालत में पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को पीजीआइ में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घायल की जेब से मिले आइकार्ड से उसकी पहचान हाईकोर्ट की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सिमरजीत सिंह के तौर पर हुई थी। कांस्टेबल की मौत सर्विस रिवाल्वर से गोली चलने हुई है या नहीं, इस बारे में अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।