यूटी पुलिस फिर शर्मसारः मुरथल के होटल में कांस्टेबल ने की युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश, गिरफ्तार
कांस्टेबल श्रद्धानंद पर युवती से दुष्कर्म करने और कांस्टेबल नवीन पर धमकाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने श्रद्धानंद को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : यूटी पुलिस की आइआरबी विंग में तैनात कांस्टेबल श्रद्धानंद पर मुरथल के एक होटल में जानकार युवती से दुष्कर्म करने की कोशिश का आरोप लगा है। वहीं, उसके साथी कांस्टेबल नवीन पर आरोप है कि उसने युवती से फोन छीन पुलिस में शिकायत नहीं करने की धमकी दी। किसी तरह वहां से बचकर चंडीगढ़ पहुंची पीडि़ता ने इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने आलाधिकारियों के निर्देशानुसार मामले में जीरो एफआइआर दर्ज कर सोमवार देर रात केस मुरथल पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। कांस्टेबल श्रद्धानंद पर युवती से दुष्कर्म करने और कांस्टेबल नवीन पर धमकाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने श्रद्धानंद को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों ने लड़कियों के साथ बनाया था घूमने का प्लान
जानकारी के अनुसार कांस्टेबल नवीन की फ्रेंड चंडीगढ़ में रहती है। नवीन श्रद्धानंद के साथ और नवीन की फ्रेंड अपनी सहेली के साथ अलग-अलग कहीं घूमने निकले थे। उन्होंने मुरथल पहुंचकर एक होटल में रुककर थोड़ा आराम किया और कुछ खाने-पीने का प्लान बना लिया। होटल में नवीन अपनी फ्रेंड के साथ कमरे कुछ पर्सनल बात करने लगा। कांस्टेबल श्रद्धानंद और सहेली अन्य कमरे में बैठे थे। इस दौरान श्रद्धानंद ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू की। पहली बार में युवती ने कांस्टेबल का विरोध किया, लेकिन आरोपित कांस्टेबल ने दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। किसी तरह युवती बचकर होटल रूम से बाहर निकली और पूरी करतूत अपनी सहेली और नवीन को बताई।
फोन छीन नहीं करने दी 100 नंबर पर कॉल
युवती ने बताया कि श्रद्धानंद की करतूतों के बारे में जानने के बाद नवीन युवती पर पुलिस में शिकायत नहीं देने का दबाव बनाने लगा। जब उसने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को वारदात की सूचना देने की कोशिश की तो नवीन ने उसका मोबाइल छीन लिया। उसके पुलिस में शिकायत करने की बात को लेकर अड़े रहने पर कांस्टेबल नवीन उसे धमकाने लगा। इसके बाद वह डरकर चंडीगढ़ आ गई और फिर इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस में शिकायत दी।
दूसरे आरोपित को जांच के बाद किया जाएगा काबू
शिकायत मिलने के बाद थाना पुलिस ने तुरंत युवती का मेडिकल करवाया। शिकायत दर्ज होने के बाद दोनों आरोपितों को देर शाम तक सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग की ओर से जारी सस्पेंशन के ऑर्डर की कॉपी भी मंगलवार सुबह फाइल कर दी जाएगी। यूटी पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरी पड़ताल करने के बाद दूसरे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मॉडल से दुष्कर्म में डिसमिस हो चुका है एसआइ
इससे पहले मुंबई की एक मॉडल से दुष्कर्म करने के मामले में यूटी पुलिस के सब इंस्पेक्टर नवीन फौगाट के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया था। इसके बाद विभाग ने उसे डिसमिस कर दिया गया था। नवीन फौगाट पर मुंबई की मॉडल ने उससे ठगी हुए पैसे की पूरी रिकवरी करवाने का लालच देकर चंडीगढ़ स्थित होटल में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
----------------------------
युवती की शिकायत पर कांस्टेबल श्रद्धानंद को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों को सस्पेंड करने के साथ ही केस मुरथल पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
-नीलांबरी विजय जगदाले, एसएसपी