Congress की प्रदेश कार्यकारिणी भंग, अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे प्रदीप छाबड़ा Chandigarh News
छाबड़ा का कहना है कि एक माह में नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा। जिन दो नए जिला कार्यकारिणी का गठन करने की मंजूरी मिली है उसके अध्यक्ष की भी नियुक्ति की जाएगी।
चंडीगढ़, [राजेश ढल्ल]। पार्टी हाईकमान ने चंडीगढ़ कांग्रेस की मांग मान ली है।शहर में अब कांग्रेस के जिला कार्यकारिणी की संख्या पांच हो गई है जबकि पिछले 50 साल से इसकी संख्या तीन थी।सोनिया गांधी ने जिला कार्यकारिणी की संख्या बढ़ाने के लिए अपनी मंजूरी दे दी है।इसके साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी भंग कर दी है। सिर्फ कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा अपने पद पर बने रहेंगे।अब छाबड़ा पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल और पार्टी प्रभारी आशा कुमारी से सलाह मशवरा करके नई कार्यकारिणी का गठन करेंगे।
छाबड़ा का कहना है कि एक माह के भीतर नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा।इसके साथ ही जिन दो नए जिला कार्यकारिणी का गठन करने की मंजूरी मिली है उसके अध्यक्ष की भी नियुक्ति की जाएगी।मनीमाजरा के लिए अलग से जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
मनीमाजरा में इस समय दो लाख की जनसंख्या है।जहां पर कांग्रेस भाजपा के मुकाबले में पिछड़ी हुई है इस समय मनीमाजरा में नगर निगम की तीन पार्षदों की सीट है तीनों में भाजपा के पार्षद है।जिलाें की संख्या में इजाफा होने से जो इस समय ब्लाक की संख्या 26 थी वह भी 38 हो गए हैं।जिनके अध्यक्षों की नियुक्ति भी जल्द की जाएगी।कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा का कहना है कि अब निचले से लेकर ऊपर तक के स्तर तक सगठन को मजबूती मिलेगी।
बूथ लेवल तक काम करने से मिलेगी ताकत
बूथ लेवल तक काम करने से ताकत मिलेगी जिसका अगले साल होने वाले नगर निगम चुनाव में फायदा मिलेगा।मालूम हो कि कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा पिछले पांच साल से अध्यक्ष पद पर तैनात है।मालूम हो कि चंडीगढ़ भाजपा में भी पांच जिला अध्यक्ष है।इसलिए कांग्रेस भी अपने जिला कार्यकारिणी की संख्या में इजाफा करना चाहती थी।अब युवा कांग्रेस के भी पांच जिला अध्यक्षेां की नियुक्ति की जाएगी।
वार्ड की संख्या होगी 35
प्रशासन की ओर से शहर के सभी गांव नगर निगम में शामिल कर दिए गए हैं।कुल 23 गांव है।पिछले साल जनवरी माह में 13 गांव नगर निगम में शामिल कर दिए गए थे।ऐसे में अब शहर से पंचायती राज पूरी तरह से समाप्त हो गया है।ऐसे में अब नए सिरे से वार्डबंदी होगी।
साल 2021 के दिसंबर माह में होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए प्रशासन नए सिरे से वार्डबंदी करवाएगी।ऐसे में वार्ड की संख्या 26 से बढ़कर 35 हो जाएगी।इसलिए भी कांग्रेस जिला कार्यकारिणी की संख्या में इजाफा करना चाहती है।निचले स्तर पर पार्टी नीतियों को पहुंचाने की जिम्मेवारी जिला पदाधिकारियों को दी जाती है।