विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुलजार सिंह को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का बड़ा मार्च, सचिन पायलट ने हरपाल चीमा के आवास घेराव का किया एलान

Published: Sat, 12 Sep 2026 06:31 PM (IST)

पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने गुलजार सिंह आत्महत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर 15 सितंबर को चंडीगढ़ ...और पढ़ें

सचिन पायलट ने का बड़ा एलान। फाइल फोटो

सचिन पायलट ने का बड़ा एलान। फाइल फोटो

HighLights

  1. सचिन पायलट ने गुलजार सिंह आत्महत्या मामले में मार्च की घोषणा की।

  2. कांग्रेस 15 सितंबर को वित्त मंत्री हरपाल चीमा के आवास तक मार्च करेगी।

  3. पार्टी हरपाल चीमा को मंत्री पद से हटाने और जांच की मांग कर रही है।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट ने गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले में आम आदमी पार्टी सरकार पर दबाव बढ़ाते हुए 15 सितंबर को चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस नेताओं के साथ वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के आवास की ओर मार्च निकालने का एलान किया है।

पायलट ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट में कहा कि कांग्रेस गुलजार सिंह के परिवार को न्याय दिलाने के लिए यह मार्च करेगी। पायलट के अनुसार, गुलजार सिंह ने पंजाब में बेकाबू नशे के मुद्दे पर वित्त मंत्री हरपाल चीमा से सवाल किया था।

इसके बाद दबाव और मानसिक प्रताड़ना का सामना करने के बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पायलट ने कहा कि मौत से पहले गुलज़ार सिंह की रिकॉर्ड की गई वीडियो में मंत्री का स्पष्ट रूप से नाम लिया गया है।

स्वतंत्र जांच की मांग

उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार ने अंतिम संस्कार के दौरान उन्हें गरिमा और सम्मान नहीं दिए जाने का आरोप लगाया है। पायलट ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए इसके सभी पहलुओं की स्वतंत्र जांच की मांग की है।

पंजाब कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि पार्टी की मांग केवल जांच तक सीमित नहीं है। कांग्रेस हरपाल चीमा को मंत्री पद से तत्काल हटाने और पूरे मामले की समयबद्ध एवं स्वतंत्र जांच चाहती है।

उन्होंने कहा कि 15 सितंबर का मार्च इसी मांग को लेकर किया जाएगा और गुलज़ार सिंह के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस मजबूती से आवाज उठाएगी।