पंजाब चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज, पूर्व IAS को सौंपी वॉर रूम की कमान; चरणजीत चन्नी को भी मिली अहम जिम्मेदारी
कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए पूर्व आईएएस कन्नन गोपीनाथन को चुनावी वॉर रूम का चेयरमैन नियुक्त किया है।
-1792856098476_m.webp)
पूर्व IAS कन्नन गोपीनाथ और राहुल गांधी। फाइल फोटो
HighLights
पूर्व आईएएस कन्नन गोपीनाथन पंजाब कांग्रेस वॉर रूम चेयरमैन नियुक्त।
कांग्रेस हाईकमान ने 2027 विधानसभा चुनाव तैयारियां तेज कीं।
संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल रविवार को पंजाब दौरे पर।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस हाईकमान ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह और चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी की नियुक्ति के बाद अब पार्टी ने चुनावी रणनीति को धार देने के लिए वॉर रूम की कमान भी सौंप दी है।
पूर्व आइएएस अधिकारी कन्नन गोपीनाथन को पंजाब कांग्रेस के चुनावी वॉर रूम का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
विरोध में छोड़ी थी आईएएस की नौकरी
कन्नन गोपीनाथन पूर्व आइएएस अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वह 2019 में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद संचार प्रतिबंधों और नागरिक स्वतंत्रता पर लगी पाबंदियों के विरोध में प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देकर चर्चा में आए थे।
इसके बाद उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई। पिछले वर्ष वह कांग्रेस में शामिल हुए थे। अब पार्टी ने उन्हें पंजाब में चुनावी तैयारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
पांच राज्यों में वॉर रूम चेयरमैन नियुक्त
कांग्रेस ने पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भी चुनावी वॉर रूम के अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। उत्तर प्रदेश में सचिन यादव, गोवा में इमरोज खान, मणिपुर में बिस्वरंजन मोहंती और उत्तराखंड में कृष्ण सतरौड़ को जिम्मेदारी दी गई है।
वॉर रूम चुनाव प्रचार की योजना बनाने, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल, चुनावी मुद्दों की निगरानी और रणनीति को जमीन पर लागू करने में अहम भूमिका निभाएगा।
रविवार को पंजाब पहुंचेंगे वेणुगोपाल
पंजाब कांग्रेस में नियुक्तियों के बीच संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल रविवार को पंजाब दौरे पर रहेंगे। वह प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे। नए प्रदेश अध्यक्ष, चुनाव प्रचार कमेटी और वॉर रूम की नियुक्तियों के बाद यह बैठक 2027 चुनाव की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कांग्रेस हाईकमान अब पंजाब में संगठन को मजबूत करने, नेताओं के बीच तालमेल बढ़ाने और चुनावी अभियान को व्यवस्थित करने पर ध्यान दे रहा है। लगातार हो रही नियुक्तियों से साफ है कि पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है।
