चंड़ीगढ़ में आठ महीने बाद एक दिसंबर से खुलेंगे कोचिंग इंस्टीट्यूट, मेडिकल कॉलेज में क्लासरूम टीचिंग को मंजूरी
चंडीगढ़ प्रशासन ने कोचिंग इंस्टीट्यूट खोलने की मंजूरी प्रशासन ने दे दी है। इन्हें क्लासरूम और हॉस्टल दोनों जगह सख्त कोविड प्रोटोकॉल को फॉलो करना होगा। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वह फिजिकल क्लासेज की बजाए ऑनलाइन टीचिंग पर जोर दें।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब और कई दूसरे राज्यों की तर्ज पर चंडीगढ़ में नाइट कर्फ्यू नहीं लगेगा। यह फैसला वीरवार को पंजाब राजभवन में प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में अधिकारियों से हुई मीटिंग में लिया गया। प्रशासक ने डीसी मनदीप सिंह बराड़ को कोरोना वायलेशन करने वालों से और सख्ती से पेश आने के आदेश दिए। मास्क नहीं पहनने वालों से अब डबल एक हजार रुपये जुर्माना वसूल किया जाएगा। पब्लिक प्लेस पर कोई व्यक्ति बिना मास्क मिला तो उसे एक हजार रुपये जुर्माना देना होगा।
कोचिंग इंस्टीट्यूट खोलने की मंजूरी
आठ महीने से बंद कोचिंग इंस्टीट्यूट खोलने की मंजूरी प्रशासन ने दे दी है। लेकिन यह एक दिसंबर से खुलेंगे। इन्हें क्लासरूम और हॉस्टल दोनों जगह सख्त प्रोटोकॉल को फॉलो करना होगा। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वह फिजिकल क्लासेज की बजाए ऑनलाइन टीचिंग पर जोर दें। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल-32 में क्लासरूम टीचिंग शुरू करने की मंजूरी भी दे दी गई है। पांच दिसंबर से यहां क्लास लग सकेगी।
रेस्टोरेंट बार और क्लब की बदलेगी टाइमिंग
अब रेस्टोरेंट, बार और क्लब बंद होने की टाइमिंग में बदलाव जरूर होगा। अगर केस ऐसे ही बढ़ते रहे तो अगली कोविड वॉर रूम मीटिंग में इनके बंद करने की टाइमिंग को रिव्यू कर बदला जाएगा। देर रात के बजाए इन्हें जल्द बंद करने के आदेश जारी होंगे। अनलाक के बाद इन सभी जगहों पर रात की पार्टियों में भीड़ बढ़ने लगी है। इसी को देखते हुए बंद होने की टाइमिंग रिव्यू की जाएंगी। रात को नौ या दस बजे तक ही इन्हें खोलने की मंजूरी दी जा सकती है।
इन जगहों पर सबसे ज्यादा सख्ती
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सेक्टर-26 मंडी, आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन, पार्क, सुखना लेक, रॉक गार्डन और अन्य मार्केट में अधिकारियों को सख्ती से पेश आने के निर्देश दिए गए हैं। इन भीड़ वाली जगहों पर संक्रमण की संभावना सबसे अधिक रहती है। इसको देखते हुए ही सख्ती होगी। इसके अलावा शादियों और सोशल इवेंट्स में कोविड प्रोटोकॉल का पालन हो यह सुनिश्चित करने के आदेश अधिकारियों को दिए गए।
वैक्सीन स्टोरेज के लिए रहें तैयार
प्रशासक ने अधिकारियों को आदेश दिए कि जैसे ही कोरोना वैक्सीन उपलब्ध होती है। उसको देखते हुए तैयारी अभी से कर ली जाएं। फिर चाहे वह स्टोरेज, ट्रांसपोर्टेशन और डिस्ट्रीब्यूशन हो। साथ ही लोगों को वेक्सीन देने का प्लान भी तैयार करना होगा। प्रशासक ने लोगों से कहा कि मास्क जरूर पहने और उचित दूरी बनाए रखें। जब तक कोई वैक्सीन नहीं आ जाती मास्क ही वैक्सीन है।