बलिदानी मनप्रीत सिंह के नाम पर मोहाली में सड़क और पार्क, CM मान बोले-कुर्बानी को हमेशा याद रखेगी पंजाब सरकार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने न्यू चंडीगढ़ में 200 फुट चौड़ी एचआर-2 रोड और एक पार्क का नाम बलिदानी ...और पढ़ें

सेक्टर-5ए ब्लाॅक स्थित पार्क का नाम बलिदानी कर्नल मनप्रीत सिंह पार्क रखा गया।
HighLights
कर्नल मनप्रीत सिंह के नाम पर सड़क और पार्क समर्पित।
मुख्यमंत्री मान ने बलिदानियों को देश की शान बताया।
शहीदों के परिवारों को एक करोड़ की सहायता।
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को न्यू चंडीगढ़ में 200 फुट चौड़े एचआर-2 रोड को बलिदानी कर्नल मनप्रीत सिंह के नाम पर समर्पित किया। अब मुल्लांपुर चौक से टी-प्वाॅइंट तक की सड़क बलिदानी कर्नल मनप्रीत सिंह मार्ग के नाम से जानी जाएगी।
इसके साथ ही सेक्टर-5ए ब्लाॅक स्थित पार्क का नाम बलिदानी कर्नल मनप्रीत सिंह पार्क रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद देश की शान और विरासत हैं तथा उनकी कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता।मुख्यमंत्री ने शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने 13 सितंबर 2023 को
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। वह 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर के रूप में सेवाएं दे रहे थे।
उनकी असाधारण वीरता और बलिदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत 15 अगस्त 2024 को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया। कर्नल मनप्रीत सिंह का जन्म 1982 में गांव भरोजियां में हुआ था।
उन्होंने मोहाली और चंडीगढ़ से शिक्षा प्राप्त की और अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए 2005 में भारतीय सेना में कमीशंड अधिकारी के रूप में सेवाएं शुरू कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नाम पर सड़क और पार्क का नामकरण युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
बलिदानियों के परिवारों को एक करोड़ की सहायता
भगवंत मान ने कहा कि देश की रक्षा में जान गंवाने वाले सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों, पुलिस कर्मियों और अग्निवीरों के परिवारों को पंजाब सरकार एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देती है।
उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को पुलिस, बैंक और वन विभाग में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
जो समाज अपने बलिदानियों को हमेशा याद रखता है, वही आगे बढ़ता है : भगवंत मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज अपने बलिदानियों को हमेशा याद रखता है, वही आगे बढ़ता है। उन्होंने सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे में सुधार और जेईई, नीट जैसी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की बेहतर उपलब्धियों को भी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद मलविंदर सिंह कंग, कर्नल मनप्रीत सिंह की पत्नी जगमीत ग्रेवाल, माता मनजीत कौर, बेटे कबीर सिंह, बेटी बानी कौर, पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
