विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम भगवंत मान ने 154 नए 'आम आदमी क्लीनिक' जनता को किए समर्पित

Published: Wed, 14 Oct 2026 05:18 PM (IST)

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में 154 नए 'आम आदमी क्लीनिक' जनता को समर्पित किए, जिससे राज्य में कुल क्लीनिकों ...और पढ़ें

News Article Hero Image

डिजिटल डेस्‍क, चंडीगढ़। पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को हर नागरिक की पहुंच में लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में स्वास्थ्य क्रांति को नई रफ्तार देते हुए सरकार ने 154 नए 'आम आदमी क्लीनिक' जनता को समर्पित किए हैं।

इन नए क्लीनिकों के शुरू होने के साथ ही पूरे पंजाब में अब आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,245 हो गई है। यह पहल राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत वह दूर-दराज के इलाकों से लेकर शहरों तक हर तबके को मुफ्त और बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं घर के नजदीक प्रदान करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

6.5 करोड़ से अधिक बार मरीजों ने उठाया लाभ

सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब की जनता के बीच यह योजना बेहद सफल साबित हो रही है। अब तक राज्य भर में इन क्लीनिकों के माध्यम से 6.5 करोड़ से अधिक बार मरीज स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। इन क्लीनिकों में मरीजों को न केवल उच्च स्तर का चिकित्सीय परामर्श मिलता है, बल्कि कई दर्जन जरूरी दवाइयां और क्लिनिकल जांच (टेस्ट) भी पूरी तरह से मुफ्त उपलब्ध कराई जाती हैं।

 

स्वास्थ्य ढांचे में बड़ा बदलाव

इस अवसर पर जोर देते हुए बताया गया कि पंजाब में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। आम आदमी क्लीनिक के जरिए मरीजों को उनके मोहल्ले और गांव में ही प्राथमिक इलाज मिल रहा है, जिससे न सिर्फ आम लोगों का पैसा बच रहा है, बल्कि बड़े सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की भीड़ और दबाव भी काफी कम हुआ है।

पंजाब सरकार का यह कदम राज्य के बुनियादी स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और आम नागरिकों को महंगी मेडिकल फीस व बीमारियों के खर्च से बड़ी राहत देने वाला माना जा रहा है।