विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बहन! कर दिया काम तमाम', बिचौलिये ने अमरीन को भेजा था मैसेज; चंडीगढ़ में चिन्नी हत्याकांड में खुलासा

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Fri, 28 Aug 2026 02:09 PM (IST)

चंडीगढ़ के चिन्नी कुबाहेड़ी हत्याकांड की चार्जशीट में बड़ा खुलासा हुआ है कि हर्ष सोहाना ने अमरीन कौर को स्नैपचैट ...और पढ़ें

प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत और अमरीन कौर।

प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत और अमरीन कौर।

HighLights

  1. चार्जशीट में हर्ष का स्नैपचैट मैसेज 'काम तमाम' सामने आया।

  2. अमरीन ने संपत्ति विवाद में चिन्नी की हत्या की साजिश रची।

  3. हर्ष ने अमरीन को गैंगस्टर लक्की पटियाल से मिलवाया था।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 18 मार्च को सेक्टर-9 की पार्किंग में प्रापर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी कुबाहेड़ी की दिनदिहाड़े हत्या कर दी गई। इस मामले में चार्जशीट में एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।

हत्या के कुछ समय बाद मोहाली निवासी 27 वर्षीय हर्षप्रीत सिंह उर्फ हर्ष सोहाना ने अमरीन कौर को स्नैपचैट पर मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, बहन, चिन्नी का काम तमाम हो गया।

पुलिस का आरोप है कि चिन्नी की हत्या की साजिश अमरीन ने रची थी और हर्ष ने उसका सहयोग किया। चार्जशीट में यह भी बताया गया है कि हर्ष ने विदेश में बैठे गैंग्सटर लक्की पटियाल से अमरीन की बातचीत करवाई। अमरीन ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसकी लक्की पटियाल से बातचीत होती थी और हर्ष को इस बारे में जानकारी थी।

प्राॅपर्टी डील में धोखा, फिर हुई दुश्मनी

अमरीन और चिन्नी के बीच विवाद का कारण एक प्रापर्टी थी, जिसे अमरीन ने चिन्नी से खरीदी थी। अमरीन को लगा कि चिन्नी ने उसे धोखा दिया और उसे प्रापर्टी का कब्जा भी नहीं दिया, जिससे उसे नुकसान हुआ।

इसी कारण दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ी। इस बीच, अमरीन की मुलाकात हर्ष से हुई, जिसने उसे लक्की पटियाल से मिलवाया। अमरीन ने चिन्नी की हत्या के बदले लक्की पटियाल को मोटी रकम देने का वादा किया था।

पंजाब पुलिस ने पकड़े थे शूटर

18 मार्च को दो शूटरों ने चिन्नी की हत्या कर दी। पंजाब पुलिस ने अगले दिन शूटरों राजन उर्फ पीयूष पहलवान और प्रीतम शाह को गिरफ्तार किया। चंडीगढ़ पुलिस ने इनसे पूछताछ की और हत्या में मदद करने वाले अन्य आरोपितों को भी पकड़ा, जिनमें जानू मलिक, कमलप्रीत उर्फ कमू, राहुल शर्मा और विक्की शामिल थे।

फोन काॅल से खुला राज

वीरवार को हर्ष सोहाना की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। चिन्नी के परिवार की ओर से एडवोकेट दीपा दुबे ने कहा कि अमरीन ने चिन्नी को रास्ते से हटाने के लिए हर्ष से संपर्क किया था। उनके बीच कई फोन कॉल और मैसेज हुए हैं, जिनका रिकाॅर्ड पुलिस के पास है। अदालत ने इन सब तथ्यों को ध्यान में रखते हुए हर्ष की जमानत याचिका रद कर दी।