अनावश्यक प्रचार के लिए झूठ बोलने से गुरेज करें नेता : चन्नी
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को खरड़ में विभिन्न विकास प्रोजेक्टों का नींव पत्थर रखा।
संवाद सहयोगी, खरड़ (मोहाली)
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को खरड़ में विभिन्न विकास प्रोजेक्टों का नींव पत्थर रखा। खरड़ के गाव त्रिपड़ी में 20 करोड़ रुपये की सांझी लागत के साथ एक आइटीआइ, एक आडीटोरियम समेत एक इंडोर स्पोर्ट्स हॉल और एक फुटबॉल ग्राउंड का नींव पत्थर रखने के मौके पर मुख्यमंत्री ने गांव त्रिपड़ी की तरफ से 8 एकड़ जमीन दान करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित की जाने वाली आइटीआइ इस क्षेत्र के नौजवानों को अपने हुनर को निखारने का मौका प्रदान करने के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके साथ ही इंडोर स्पोर्ट्स हॉल में जिम्नास्टिक, बास्केटबॉल, वालीबॉल और अन्य खेल सुविधाएं मिलेंगी। चन्नी ने कहा कि आइटीआइ की इमारत जनवरी, 2022 के अंत तक मुकम्मल हो जाएगी। जबकि स्पोर्ट्स हॉल अगस्त 2022 तक मुकम्मल हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि फुटबॉल का मैदान अप्रैल, 2022 तक मुकम्मल हो जाएगा।
पत्रकारों के साथ बातचीत में चन्नी ने आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा की तरफ से उनके चार कैबिनेट मंत्रियों के आप में शामिल होने की बात पर कहा कि नेताओं को अनावश्यक प्रचार करने के लिए झूठ बोलने से गुरेज करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सिर्फ भ्रामक और झूठी बातों से लोगों को भटकाना चाहती है, लेकिन यह चाल उन पर ही उल्टी पड़ेगी।