विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ से बिहार के लिए कल से चलेगी स्पेशल ट्रेन, छठ पूजा समेत त्योहारी सीजन के चलते रेलवे का फैसला

Published: Thu, 22 Oct 2026 07:04 PM (IST)

रेलवे ने छठ पूजा और त्योहारों के दौरान भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ से बिहार के बरौनी जंक्शन के लिए ...और पढ़ें

रेलवे ने फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया। (सांकेतिक फोटो)

रेलवे ने फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन।

  2. ट्रेन चलने से यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद।

  3. अंबाला से गोरखपुर तक के यात्रियों को भी फायदा।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और कन्फर्म टिकट पाने की मारामारी के बीच रेलवे ने चंडीगढ़ से बिहार के बरौनी जंक्शन के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

इससे चंडीगढ़ और ट्राईसिटी में रहने वाले बिहार के लोगों को छठ पूजा पर घर जाने के लिए अतिरिक्त रेल सेवा मिलेगी। नियमित ट्रेनों में सीट नहीं मिलने से परेशान यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 04536 चंडीगढ़-बरौनी जंक्शन स्पेशल 23 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चंडीगढ़ से रवाना होगी। इसके छह फेरे निर्धारित हैं। वापसी में ट्रेन नंबर 04535 बरौनी जंक्शन-चंडीगढ़ स्पेशल 25 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। इसके भी छह फेरे होंगे।

करीब 25 घंटे में पूरा होगा सफर

चंडीगढ़ से ट्रेन रात 11:45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12:30 बजे बरौनी जंक्शन पहुंचेगी। इस यात्रा में करीब 24 घंटे 45 मिनट लगेंगे। वापसी में ट्रेन बरौनी से रात 2:35 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 3:35 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस दिशा में सफर लगभग 25 घंटे का होगा।

कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

ट्रेन अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया सदर, सिवान, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। इससे रास्ते में पड़ने वाले शहरों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। करीब 1210 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल श्रेणी में चलाई जाएगी।