विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ वाले पंजाबी और हरियाणवियों से धनवान, हर व्यक्ति की जेब में 4.50 लाख से अधिक

Published: Mon, 13 Apr 2026 11:42 AM (IST)

केंद्रीय रिपोर्ट के अनुसार, चंडीगढ़ की प्रति व्यक्ति आय 2023-24 में 4,53,457 रुपये तक पहुंच गई है। यह पंजाब और ...और पढ़ें

2023-24 में चंडीगढ़ की प्रति व्यक्ति आय 4,53,457 रुपये तक पहुंची।

2023-24 में चंडीगढ़ की प्रति व्यक्ति आय 4,53,457 रुपये तक पहुंची।

HighLights

  1. चंडीगढ़ की प्रति व्यक्ति आय 4.53 लाख से अधिक हुई।

  2. पंजाब से 121 प्रतिशत और हरियाणा से 42 प्रतिशत अधिक आय।

  3. उच्च नौकरियां, शिक्षा, आईटी क्षेत्र आय वृद्धि के कारण।



मोहित पांडेय, चंडीगढ़। प्रति व्यक्ति आय के मामले में चंडीगढ़ ने पंजाब और हरियाणा को न केवल पीछे छोड़ा है, बल्कि प्रतिशत के लिहाज से भी बड़ा अंतर कायम किया है, जो शहर की अर्थव्यवस्था के लिए एक सकारात्मक संकेत है।

केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से राज्यसभा में पेश रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023-24 में चंडीगढ़ की प्रति व्यक्ति आय 4,53,457 रुपये तक पहुंच गई है, जो 2022-23 में 4,43,457 रुपये थी।

चंडीगढ़ ने महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों को पीछे छोड़ दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब की तुलना में चंडीगढ़ की प्रति व्यक्ति आय 2,48,083 रुपये अधिक है, जबकि हरियाणा से यह अंतर 1,34,094 रुपये का है।

चंडीगढ़ की प्रति व्यक्ति आय पंजाब से लगभग 121 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ हरियाणा की तुलना में यह करीब 42 प्रतिशत ज्यादा है। अधिक आय का मतलब है कि प्रदेश में स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, आवास और पौष्टिक भोजन तक लोगों की बेहतर पहुंच बढ़ रही है।

इसके साथ ही लोग अधिक वस्तुओं और सेवाओं का उपभोग कर पा रहे हैं, जिससे अर्थव्यवस्था में खपत बढ़ाने में भी मदद मिल रही है। यह शहर में उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ने की तरफ भी इशारा करता है।

चंडीगढ़ की बेहतर आर्थिक स्थिति के कारण

  • उच्च सरकारी व निजी नौकरियां
  • शिक्षा और स्वास्थ्य का मजबूत ढांचा
  • आईटी और सेवा क्षेत्र का विस्तार
  • योजनाबद्ध शहर और बेहतर जीवन स्तर

 


आय में इस बढ़ोतरी का सीधा असर लोगों के जीवन स्तर पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। बेहतर आय होने से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ी है, जिससे वे स्वास्थ्य सेवाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं तक आसानी से पहुंच बना पा रहे हैं। इसके साथ ही लोग अब पौष्टिक भोजन, आधुनिक सुविधाओं और बेहतर जीवनशैली को अपनाने में भी सक्षम हो रहे हैं।
-प्रोफेसर स्मिता शर्मा, चेयरपर्सन, अर्थशास्त्र विभाग, पंजाब यूनिवर्सिटी

  

राज्य 2022-23 2023-24
चंडीगढ़ 4,08,512 4,53,457
हरियाणा 2,96,685 3,19,363
तेलंगाना 2,75,443 3,08,732
कर्नाटक 2,65,623 3,01,673
तमिलनाडु 2,54,383 2,75,583
गुजरात 2,56,003 2,75,249
महाराष्ट्र 2,42,247 2,78,681
पंजाब 1,81,462 2,05,374
उत्तर प्रदेश 88,461 98,374
बिहार 49,470 54,111