व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक विज्ञापन और फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट; चंडीगढ़ में महिलाओं से ठगे 3.49 करोड़
चंडीगढ़ में दो महिलाओं से शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने 3.49 करोड़ रुपये ठग ...और पढ़ें

साइबर ठगों ने चंडीगढ़ की दो महिलाओं के साथ की ठगी। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
शेयर बाजार में रोजाना पांच प्रतिशत तक मुनाफा दिखाया।
आईपीओ में 150 प्रतिशत तक रिटर्न का झांसा दिया।
पैसा निकालने पहुंचीं तो टैक्स और फीस का नया जाल।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक विज्ञापन व फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट से जाल बिछाकर शेयर बाजार में रोजाना पांच प्रतिशत तक मुनाफे और आईपीओ में 150 प्रतिशत तक रिटर्न का झांसा देकर साइबर ठगों ने चंडीगढ़ की दो महिलाओं से 3,49,13,731 रुपये की ठगी कर ली।
दोनों मामलों में आरोपितों ने खुद को प्रतिष्ठित ट्रेडिंग कंपनियों के अधिकारी बताया, फर्जी आईडी कार्ड और कथित सेबी पंजीकरण प्रमाणपत्र भेजे और बाकायदा आनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाकर उसमें मुनाफा दिखाया।
शुरुआत में छोटी रकम निकालने की सुविधा देकर विश्वास जीता गया। जब पीड़ितों ने बड़ी रकम निकालने की कोशिश की तो टैक्स, फीस, मार्जिन और अन्य शुल्क के नाम पर और रुपये जमा करवाए गए। साइबर क्राइम थाना सेक्टर-17 ने दोनों महिलाओं की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
ऐसे हुआ खेल
सेक्टर-38 वेस्ट निवासी मृदु मलिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सात जून को वाट्सएप के एक ऐसे ग्रुप में जुड़ी जिसमें शेयर बाजार में निवेश और मुनाफे को लेकर संदेश भेजे जा रहे थे। कई सदस्य अपने मुनाफे के बारे में जानकारी साझा कर रहे थे।
अगस्त के पहले सप्ताह में उन्हें एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को एक निवेश कंपनी का अधिकारी बताया। उसने दावा किया कि कंपनी बड़ी कंपनियों के साथ काम करती है और निवेशकों को शेयर बाजार में ट्रेडिंग करवाती है।
उसे बताया गया कि निवेश पर रोजाना करीब पांच प्रतिशत तक मुनाफा और आइपीओ में 150 प्रतिशत तक रिटर्न मिल सकता है। आरोपित ने कंपनी का कथित सेबी रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र और अपना जाब आइडी कार्ड भी वाट्सएप पर भेजा।
चार अगस्त को महिला ने पहले करीब 20 हजार रुपये जमा किए। ऑनलाइन अकाउंट में उसे करीब पांच प्रतिशत मुनाफा दिखाई दिया। इसके बाद उसने निवेश बढ़ाकर करीब 20 लाख रुपये कर दिया। खाते में मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा।
बाद में आरोपितों ने उसे राइट इश्यू में निवेश का प्रस्ताव दिया और अधिक रकम लगाने पर कंपनी का पार्टनर बनाने का झांसा दिया। महिला ने कथित तौर पर 1.50 करोड़ रुपये राइट इश्यू में निवेश किए। इसके बाद एक आईपीओ में भी करीब 1.50 करोड़ रुपये लगाए।
जब महिला ने अपना पैसा निकालना चाहा तो आरोपितों ने टैक्स व कंपनी के लाभांश के नाम पर रकम मांगी। महिला ने करीब 10 लाख रुपये अतिरिक्त जमा कर दिए। जब तक इंदू को गड़बड़ी का एहसास होता तब तक वह 3.30 करोड़ रुपये गंवा चुकी थी।
फेसबुक विज्ञापन से फंसाया, 18.93 लाख की ठगी
सेक्टर-44 निवासी मनबीर कौर ने पुलिस को बताया कि दो जून को उन्होंने फेसबुक पर शेयर बाजार में वन टाइम निवेश से अगले दिन से मुनाफा मिलने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए लिंक के जरिए उन्होंने पंजीकरण किया।
इसके बाद एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को ट्रेडिंग कंपनी का अकाउंट मैनेजर बता कंपनी की इ-मेल आइडी से अकाउंट खुलने का कथित कन्फर्मेशन दी। पहले उन्होंने करीब 20,690 रुपये जमा किए।
इसके बाद ऑनलाइन अकाउंट में मुनाफा दिखाई दिया और महिला ने छोटी रकम की निकासी भी की। रकम बैंक खाते में पहुंचने के कारण उनका भरोसा और बढ़ गया। मार्जिन कम होने और ट्रेड को नुकसान से बचाने के नाम पर लगातार रकम जमा करवाई गई।
ऑनलाइन खाते में एक समय 73 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया गया। जब महिला ने रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपितों ने भारतीय मुद्रा में राशि बदलने के लिए फीस मांगी। महिला ने करीब 4.20 लाख रुपये फीस के नाम पर भी जमा कर दिए। इसके बाद और रकम मांगी गई तो उन्हें संदेह हुआ। इस मामले में कुल 18,93,731 रुपये की ठगी की गई।
