Chandigarh Weather News: चंडीगढ़ में बारिश ने बदला मौसम, लगातार तीसरे दिन गिरा पारा, रातें होने लगी ठंडी
Chandigarh Weather News चंडीगढ़ समेत ट्राईसिटी में बीते तीन दिन से बारिश का दौर जारी है। चंडीगढ़ में बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं अब ठंड की आहट भी होने लगी है।
आनलाइन डेस्क, चंडीगढ़। Chandigarh Weather News: चंडीगढ़ समेत ट्राईसिटी में बीते तीन दिन से बारिश का दौर जारी है। बारिश का यह दौर बुधवार को शुरू हुआ था। बुधवार को दिन में हुई झमाझम बारिश के बाद वीरवार को पूरे दिन बारिश का मौसम बना रहा। सुबह तेज बरसात के बाद दिन भर रुक रुक कर बारिश होती रही। बारिश का यह सिलसिला आज भी जारी है।
बारिश की वजह से शहर के तापमान में गिरवाट दर्ज की जा रही है। वीरवार को 5 डिग्री तापमान लुढ़क गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी बारिश का पूर्वानुमान है। वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से पांच डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। पंचकूला में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और मोहाली में 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार को शहर में 43.8 एमएम बारिश हुई थी। वहीं वीरवार को 0.5 एमएम बारिश ही दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार ज्यादा बारिश इसलिए दर्ज नहीं की जा सकी क्योंकि वीरवार को शहर के कुछ ही हिस्सों में सुबह तेज बारिश हुई, ज्यादातर हिस्से सूखे ही रहे। हालांकि बीते दो दिनों में सितंबर माह में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही इस मानसून सीजन में अब तक चंडीगढ़ में कुल 742.8 एमएम बारिश हो चुकी है।
मौसम में हुए बदलाव से शहरवासी ठंड की आहट भी महसूस कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज भी शहर में बारिश के आसार हैं। वहीं सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना है।