Chandigarh Weather: मौसम ने ली करवट, आसमान में छाए हल्के बादल, दोपहर बाद मिल सकती है गर्मी से राहत
Chandigarh Weather News गर्मी के साथ उमस ने लोगों को बेहाल किया हुआ है। लेकिन अब जल्द गर्मी से राहत की उम्मीद है। आज से मौसम बदलेगा और अगले 4 से 5 दिन बारिश का पूर्वानुमान है ।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। गर्मी के साथ उमस की मार झेल रहे शहरवासियों को जल्द राहत मिलने वाली है। आज से मौसम ने करवट बदल ली है। आसमान पर बादल मंडरा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार ट्राईसिटी में तेज बारिश के आसार बन रहे हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
सोमवार को दिनभर उमस ने इस कदर बेहाल किया कि लोग पसीने से तरबतर दिखे। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री दर्ज किया गया और न्यनूतम तापमान भी 31.2 डिग्री, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया था।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से चंडीगढ़ समेत पंचकूला और मोहाली में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं हिमाचल में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट है। 29 और 30 जून के लिए अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके साथ ही मानसून हिमाचल में दस्तक देगा और जुलाई के पहले दो दिन तक मानसून चंडीगढ़ समेत पंजाब हरियाणा में पहुंचेगा। विभाग के अनुसार चंडीगढ़ सहित पंजाब और हरियाणा में अगले पांच दिनों तक तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट होगी। 29 जून से दो जुलाई तक शहर में 50 से 60 किलोमिटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी।
35.7 एमएम ही हो सकी है अभी तक बारिश
चंडीगढ़ में अभी तक जून माह में कुल 35.7 एमएम बारिश ही हुई है। यह बारिश बीते एक सप्ताह में ही हुई थी, उसके बाद शहरवासियों को गर्मियों की मार झेलनी पड़ रही है। आंकड़ाें के अनुसार अभी तक जून में सामान्य से 72.1 एमएम कम बारिश हुई है। बीते 6 साल के मुकाबले इस साल दूसरी बार शहर में कम बारिश हुई है।
यह रहेगा आने वाले दिनों में मौसम
मंगलवार को बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने की संभावना है। बुधवार को बारिश के आसार बने हुए हैं। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है। वीरवार को बारिश होगी और अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक जा सकता है। शुक्रवार और शनिवार को भी बारिश होगी।