Chandigarh Weather Update: चंडीगढ़ में हुई हल्की बूंदाबांदी, कुछ क्षेत्रों में बादलों ने खेला धूप-छांव का खेल
चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। हल्की ठंड के साथ लोग इस मौसम का आनंद शहर के पार्कों और सुखना लेक पर घूमते हुए लेते दिखाई दिए। लोगों ने सुखना लेक पर बोटिंग करके इस मौसम का आनंद उठाया।
चंडीगढ़ [राजन सैनी]। चंडीगढ़ में मंगलवार को मौसम के कई रंग देखने को मिले। सुबह की शुरुआत आसमान में बादल छाने के साथ हुई तो थोड़ी देर बाद शहर में धूप खिली। करीब 12:00 बजे शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई तो कुछ इलाके सूखे ही रहे। मौसम विभाग ने अगले दो दिन आसमान में बादल छाए रहने के साथ तापमान में बढ़ोतरी होने का अंदेशा जताया है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि अभी तक शहर के तापमान में हर रोज गिरावट देखने को मिल रही थी। शहर का अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री के बीच चल रहा था, लेकिन मंगलवार से अगले दो दिन शहर का अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इससे शहरवासियों को बीते दिनों बढ़ी ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
इससे पहले मंगलवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। हल्की ठंड के साथ लोग इस मौसम का आनंद शहर के पार्कों और सुखना लेक पर घूमते हुए लेते दिखाई दिए। लोगों ने सुखना लेक पर बोटिंग करके इस मौसम का आनंद उठाया। दिन में शहर का अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह करीब 8:30 बजे अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस था।
ठंड से मिली हल्की राहत
बीते दिनों बढ़ी ठंड से लोगों को आज थोड़ी राहत मिली है। शहर में आज बादल छाए रहने के साथ धूप भी खिली तो बारिश भी हुई, लेकिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बावजूद इसके शहर के बाजारों की रौनकें कम नहीं हुई है। लोग बाजारों में खरीदारी करने के लिए उमड़े हुए हैं। हल्की ठंड और बारिश के चलते शहर की सड़कों पर दो पहिया वाहन की जगह चार पहिया वाहन ज्यादा दिखाई दे रहे हैं,जिसकी वजह से शहर के कुछ मार्गों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें