Chandigarh Weather: दोपहर में गर्मी, शाम को धूल भरी हवाएं चलेंगी, तापमान पर नहीं होगा खास असर
Chandigarh Weather Update चंडीगढ़ में मौसम अलग अंदाज में है। दोपहर में तेज धूप से गर्मी बढ़ रही है। वहीं शाम को धूल भरी हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो रही है लेकिन इससे तापमान पर कुछ खास असर नहीं हो रहा है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh Weather: मौसम में उतार चढ़ाव का दौर चल रहा है। दोपहर में गर्मी सता रही है तो शाम ढलते ही धूल भरी हवाएं चलने लगती हैं। शनिवार को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहा। दोपहर में तेज धूप की आफत के बाद शाम को हल्की बूंदाबांदी से मौसम खुशगवार बन गया। हालाकिं हल्की बारिश के तापमान पर कुछ खास असर नहीं पड़ा लेकिन कुछ देर के लिए मौसम सुहावना बन गया था। दोपहर के समय चंडीगढ़ का तापमान 41 डिग्री के आसपास था। शाम को 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार इसका असर रात के तापमान पर पड़ेगा और आने वाले दिनों में रात और सुबह का तापमान अन्य दिनों के मुकाबले में थोड़ा कम रहेगा। शनिवार को तापमान 0.7 डिग्री की गिरावट के साथ 38.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, आज भी मौसम कुछ ऐसा रहने के आसार हैं। हालांकि सुबह से ही धूप निकल आई है और सुबह साढ़े सात बजे शहर का तापमान 29 डिग्री पहुंच गया है। दोपहर में तेज धूप के साथ पारा 40 डिग्री तक जा सकता है। दोपहर बाद आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि इससे तापमान पर खास असर नहीं होगा। सोमवार को भी मौसम मिलाजुला रहेगा। शहर में बादल छा सकते हैं।
जून की शुरुआत से सक्रिय होगा वश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग केंद्र चंडीगढ़ ने पूर्वानुमान जताया है कि जून की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। एक और दो जून को भी शहर में बादल छाए रहेंगे। लेकिन जून के पहले हफ्ते के बाद जून वाली गर्मी पड़ेगी। विभाग के मुताबिक जून में तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, विभाग ने चंडीगढ़ में मानसून जून के अंत तक पहुंचने की संभावना जताई है।