Chandigarh Weather Update: चंडीगढ़ में सुबह-शाम चल रही ठंडी हवाएं, दिन में तापमान 33 डिग्री के पार
Chandigarh Weather Update शहर में मौसम का मिजाज कुछ दिनों से बदला बदला सा नजर आ रहा है। जहां सुबह और रात के समय शहर में ठंडी हवाएं चल रही हैं वहीं दूसरी ओर दिन के समय बदन को झुलसा देने वाली गर्मी से लोग परेशान हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। शहर में मौसम का मिजाज कुछ दिनों से बदला बदला सा नजर आ रहा है। जहां सुबह और रात के समय शहर में ठंडी हवाएं चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर दिन के समय बदन को झुलसा देने वाली गर्मी से लोग परेशान हैं। रात का तापमान अप्रैल में 12 डिग्री के पास पहुंच रहा है। वहीं अल सुबह भी तापमान 11 और 12 डिग्री के आसपास ही रह रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च के अंत में उत्तराखंड और हिमाचल के कुछ इलाकों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिवेट हुआ है, जिसका असर शहर पर भी देखने को मिल रहा है। शहर में शनिवार को मौसम गर्म रहने वाला है और लोगों को इससे निजात मिलती दिखाई नहीं दे रही। शनिवार को शहर का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। इस बीच शहर में 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ हवाएं भी चलेगी। शहर का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस है और आसमान बिल्कुल साफ है।
बीते मंगलवार को शहर का तापमान पिछले चार वर्षों के मुकाबले में सबसे अधिक रहा था। जिसके बाद से शहर में निरंतर रूप से गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। लेकिन बीते वीरवार को रात पिछले 13 वर्षों के मुकाबले में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण तापमान बढ़ रहा है, दोपहर के बाद लोगों को धूप सताने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक शहर में किसी प्रकार का कोई वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी नहीं बन रहा है जिससे बारिश की कोई संभावना नहीं है।
सेहत विशेषज्ञों ने कहा कि कोरोना का कहर जारी है, इसलिए लोगों को घरों में बाहर जाते समय मास्क का प्रयोग अवश्य करना चाहिए और बाजारों में जाते समय शारीरिक दूरी का ध्यान रखना चाहिए। गौर हो कि मार्च में कोरोना की दूसरी लहर में काफी कहर बरपाया है, जिस कारण रोजाना 300 के अधिक कोरोना के मामले सामने आ रहे है। ऐसे हालात में लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जारी हिदायतों का पालन जरूर करना चाहिए।