चंडीगढ़ में 12 घंटे में 16 एसएम बारिश, पंजाब, हरियाणा रुक-रुककर रही बर्षा, 5 डिग्री गिरा तापमान, ठंड की दस्तक
Chandigarh Weather चंडीगढ़ समेत मोहाली और पंचकूला में बीती रात से बारिश हो रही है। अचानक मौसम में आए बदलाव के बाद से ट्राईसिटी में बारिश हो रही है। बारिश का दौर आज सुबह तक जारी है ।
आनलाइन डेस्क, चंडीगढ़। Chandigarh Weather: चंडीगढ़ समेत मोहाली और पंचकूला में बीती रात से बारिश हो रही है। अचानक मौसम में आए बदलाव के बाद से ट्राईसिटी में बारिश हो रही है। बारिश का दौर आज सुबह तक जारी है। मध्यम गति से हो रही बारिश से पूरा शहर पानी पानी हो गया है। अक्टूबर महीने में जुलाई जैसी बरसात हो रही है।
ट्राईसिटी में झमाझम बारिश से सर्दी के मौसम ने दस्तक दी है। बीते 12 घंटे में 16 एमएम बारिश हो चुकी है। आज शहर का अधिकतम तामपान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस कम है, वहीं न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम हैं। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार रात साढ़े आठ बजे से मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे तक शहर में 16 एमएम बारिश हुई है। बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार देर शाम बाद शुरू हुई बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार रात चंडीगढ़ के हर हिस्से में तेज बारिश हुई। रातभर बारिश का दौर चलता रहा।
मौसम विभाग की माने तो अगले दिनों में भी मौसम खराब रहेगा। आज दिनभर बारिश के आसार हैं। बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम में ठंडक आ गई है। रात के मौसम में काफी ज्यादा फर्क पड़ गया है। लोगों ने घरों में एसी कूलर यहां तक पंखे भी बंद कर दिए हैं और रात को सोने के लिए कंबल निकाल लिए हैं। वहीं अभी हो रही बारिश के बाद तापमान में और ज्यादा गिरावट आएगी।
पंजाब के इन जिलों में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक आज पंजाब के कई जिलों में मौसम खराब होने की वजह से गरज के साथ बारिश होगी। पंजाब के जालंधर, नवांशहर, कपूरथला, लुधियाना, होशियारपुर रोपड़, बरनाला, संगरूर, मानसा, पटियाला और मोहाली में बारिश के आसार जताए हैं।
हरियाणा के इन जिलों में बारिश के पूर्वानुमान
वहीं हरियाणा के कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में बारिश आसमान में बिजली चमकने के साथ बारिश की संभाना जताई गई है। हरियाणा के इन जिलों में देर रात से बारिश का सिलसिला जारी है। आज दिनभर इन जिलों में बारिश हो सकती है।
ठंड की दस्तक
ट्राईसिटी में हो रही बारिश की वजह से ठंड का एहसास होने लगा है। दिन के जहां दिन के तापमान में फर्क पड़ा है वहीं अब रात को हल्की ठंड होने लगी है। इन दिनों फेस्टिवल सीजन चल रहा है। बाजारों में अब गर्म कपड़े की खरीदारी शुरू हो गई है। लोग अब सर्दियों के गर्म कपड़े खरीदने के लिए शहर के बाजारों में पहुंच रहे हैं। दुकानों में भी गर्म कपड़े डिसप्ले किए गए हैं।