Chandigarh Weather: चंडीगढ़ में मॉनसून एक्टिव, बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, लुढ़का पारा
चंडीगढ़ में बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दिलाई है। आज शहर में हो रही बारिश के कुछ जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं शहर के कुछ हिस्सों में बारिश की हल्की बुंदाबांदी ही हुई है। वहीं कुछ जगह जलभराव की स्थिति बन गई है।
जासं, चंडीगढ़। आखिरकार गर्मी की मार झेल रहे शहरवासियों को राहत की सांस मिली। लंबे इंतजार के बाद शहर में मॉनसून दस्तक दे दी है। रात से ही काले बादलों ने आसमान पर डेरा जमाया हुआ है। वहीं, सुबह होते होते बारिश भी हुई। हालांकि शहर में कुछ जगह बारिश हो रही है और कुछ चगह अभी बारिश के आसार बने हुए हैं। बारिश ने जहां लोगों को राहत दी। वहीं शहर के कई स्थानों पर जलभराव भी देखा गया। पुलिस कॉलोनी सेक्टर-26 में सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं। इससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार आज जो बारिश हो रही है वह मॉनसून की ही बारिश है और मंगलवार तक बारिश का दौर चलता रहेगा। बारिश की वजह से सुबह के तापमान पर भी इसका थोड़ा असर पड़ा है। जहां पिछले कुछ दिनों में सुबह के समय शहर का तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था वहीं आज तापमान 26 डिग्री सेल्सियस है।
मौसम विभाग के अनुसार आज पूरा दिन बारिश होने के आसार हैं लेकिन दोपहर के समय मौसम खुल सकता है। वही शाम के समय फिर से तेज बारिश के आसार हैं। मौसम में बदलाव शुक्रवार से भी देखने को मिल गया था जिसके बाद कल शाम शहर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई थी। आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। चंडीगढ़ में भी हवाओं की चलने की रफ्तार 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी।
सुबह से हो रही झमाझम बारिश ने लोगों को राहत तो दी लेकिन सड़कों पर हुए जलभराव ने स्थिति को खराब कर दिया। जलभराव होने से वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लगा। ड्रेनेज सिस्टम की सफाई न करने की वजह से एक बार फिर जलभराव जैसी स्थिति देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक शहर में तेज बारिश हो रही है और तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।