Chandigarh Weatherः सुबह छाई धुंध से बढ़ी वाहन चालकों की परेशानी, दिन में खिली धूप ने दी राहत
शहर में सुबह शाम छा रही धुंध ने लोगों को परेशान कर दिया है। वीरवार सुबह के समय शहर में पड़े घने कोहरे की वजह से 50 मीटर विजिबिलिटी थी जिस कारण खासकर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ में मौसम के अलग-अलग तेवर देखने को मिल रहे हैं। बीते दो दिन पहले बारिश के बाद अब सुबह शाम शहर में पड़ रही धुंध लोगों को परेशान करने लगी है। वहीं, वीरवार को सुबह की शुरुआत घनी धुंध के साथ हुई। धुंध की वजह से सुबह के समय शहर में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम थी। इस कारण सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि दिन चढ़ते धुंध भी छंटनी शुरू हो गई और करीब 10 बजे के बाद धूप निकल आई।
दोपहर 12:00 बजे तक आसमान में हल्के बादल भी छाए रहे। इस वजह से लोगों को ठंड का ज्यादा है एहसास नहीं हुआ। वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने वीरवार को भी शहर में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। दिन के समय में धुंध न पड़ने की वजह से आवाजाही में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। दोपहर 12 बजे तक शहर का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर
हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाओं के कारण शहर में शीतलहर है। वहीं, शिमला, मनाली जैसे जगहों पर हो रही बर्फबारी से भी मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है।
शाम को पड़ सकता है घना कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार शहर में शाम होते होते शहर में कोहरा पड़ने की संभावना है। इसकी वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम होगी। वहीं शाम के बाद ज्यादा ठंड होने के आसार भी नजर आ रहे हैं। इस बीच तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।