जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh Weather Update: शहर में सुबह और रात धुंध के आगोश में है। कोहरे की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पूरा दिन शीतलहर जारी रही। इस वजह से ज्यादातर लोग घरों में ही दुबके रहे।
चंडीगढ़ मौसम विभाग केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में कोहरा और घना पड़ेगा और लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है। धुंध की वजह से सुबह और रात के साथ ही दिन में भी शीतलहर चलेगी। इस समय चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से करीब आठ डिग्री कम है, जो आने वाले दिनों में 10 डिग्री तक जा सकता है।
वहीं, आज भी सुबह से ही शहर में धुंध छाई हुई है। जिस वजह से सुबह नौ बजे तक 9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। शुक्रवार दिन भर कोहरा छाया रहा और धूप नहीं निकली। हालांकि दोपहर एक से दो बजे के करीब हल्की धूप निकली थी, लेकिन वह ज्यादा देर तक नहीं खिली। विभाग के आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे के तापमान में दो डिग्री की गिरावट हुई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सात डिग्री की गिरावट के साथ 14.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री रिकार्ड किया गया।
कोहरे के चलते मौसम विभाग ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है कि सुबह और रात के समय वाहन चलाते समय उन्हें ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत हैं। सुबह जहां कोहरे से विजिबिलिटी 30 मीटर के आसपास रह रही है, तो रात के समय विजिबिलिटी 10 मीटर के करीब है। आने वाले दिनों में रात के समय कोहरा अधिक छाएगा जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।
फिर बन रहे बारिश के आसार
बारिश से बढ़ेगी ठंड विभाग के अनुसार 16 और 17 जनवरी से दो वेस्टर्न डिस्टबेंस एक्टिव हो रहे हैं और इसका सीधा असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर पड़ेगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से जहां पहाड़ों में बर्फबारी होगी, वहीं मैदानी इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने की वजह से पंजाब और हरियाणा के साथ चंडीगढ़ में बारिश की संभावना है।
आगामी दिनों में ये रहेगा मौसम
आज आसमान साफ रहेगा और दिन और रात के समय कोहरा छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना। रविवार को बादल छाएंगे और दिन और रात के समय कोहरा छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना है। सोमवार को बादल छाए रहेंगे, जिससे बारिश के आसार बन रहे हैं। अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने की संभावना।
a