विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में आज शाम लो प्रेशर से आएगा सप्लाई का पानी, लोगों को कल भी झेलनी पड़ेगी परेशानी

Published: Thu, 22 Oct 2026 02:41 PM (GMT+05:30)

चंडीगढ़ में आज और कल पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। शाम को कम दबाव से पानी आएगा। झुंगियां गांव में ...और पढ़ें

शाम के लिए पानी की सप्लाई आएगी कम प्रेशर से। (सांकेतिक फोटो)

शाम के लिए पानी की सप्लाई आएगी कम प्रेशर से। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. पाइपलाइन बदलने के कारण 48 घंटे का शटडाउन।

  2. 1200 एमएम पाइपलाइन बदलने का काम जारी।

  3. सुबह सामान्य सप्लाई, शाम को पानी स्टोर करने की अपील।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहरवासियों के लिए जरूरी खबर है। आज और कल पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। शाम को पानी कम दबाव से आएगा। गांव झुंगियां में फेज-3 कजौली की 1200 एमएम व्यास की पीएससी पाइपलाइन को एमएस पाइपलाइन से बदला जा रहा है। इस काम के लिए दो दिन का शटडाउन लिया गया है।

शटडाउन के कारण कजौली से सेक्टर-39 वाॅटर वर्क्स तक कच्चे पानी की पंपिंग 48 घंटे के लिए पूरी तरह बंद रहेगी। निगम के अधिकारियों के मुताबिक, पाइपलाइन बदलने का काम बेहद जरूरी है।

पुरानी पीएससी पाइपलाइन में बार-बार लीकेज की समस्या आ रही थी, जिससे पानी की बर्बादी के साथ-साथ सप्लाई भी प्रभावित हो रही थी। एमएस पाइपलाइन ज्यादा मजबूत और टिकाऊ होगी, जिससे लीकेज की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।

ऐसा रहेगा सप्लाई का शेड्यूल

नगर निगम की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, दोनों दिन सुबह पानी की सप्लाई सामान्य रहेगी। सुबह 3:30 बजे से 9 बजे तक पूरे दबाव के साथ पानी दिया जाएगा, ताकि लोग दिनभर के लिए पानी स्टोर कर सकें। शाम को सप्लाई प्रभावित रहेगी। शाम 6 से 8:30 बजे तक पानी कम दबाव पर आएगा। ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है।

सहयोग की अपील

नगर निगम के मुख्य अभियंता ने बताया कि काम को तय समय पर पूरा करने के लिए टीमें दिन-रात लगी रहेंगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे शटडाउन के दौरान सहयोग करें और पानी का सोच-समझकर उपयोग करें। बेवजह पानी बर्बाद न करें।

गौरतलब है कि कजौली से शहर को रोजाना करीब 29 एमजीडी पानी की सप्लाई होती है, जो शहर की कुल जलापूर्ति का बड़ा हिस्सा है। इसलिए इस लाइन के बंद होने का असर पूरे शहर पर पड़ेगा।